तूफान के बाद फिर बारिश,IMD ने दी बड़ी चेतावनी!
चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से उत्तर भारत में मौसम बदल गया है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत ज्यादातर राज्यों में रात से ही बादल छाए हैं और सुबह के वक्त बारिश भी देखने को मिली. उत्तर भारत के कई राज्यो में आंधी, तूफान के साथ ओले गिरने की भी चेतावनी है. मौसम विभाग ने अगले दो दिन ऐसा ही मौसम दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम समेत ज्यादातर शहरों में रहने का अनुमान जताया है.अगले दो दिन दिल्ली एनसीआर में ऐसा ही मौसम रहने के आसार है. 29 अक्टूबर को दिल्ली में बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने जारी किया है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर में भी बारिश हो रही है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढृ, बिहार, झारखंड से लेकर बंगाल तक मौसम बदला है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का पूर्वानुमान है कि 29-30 अक्टूबर: पूर्वी उत्तर प्रदेश और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में काफी बारिश होने का अनुमान है. पंजाब और हरियाणा में 31 अक्टूबर और पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29-31 अक्टूबर के दौरान बारिश जारी रहेगी. पूर्वांचल में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चार दिनों तक बारिश गोरखपुर, वाराणसी, बस्ती मंडलों में देखी जा सकती है. पश्चिमी राजस्थान में 29-30 अक्टूबर के दौरान बारिश होने की संभावना है.हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ तेज आंधी आने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है. दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है.पूर्वी भारत की बात करें तो बिहार और झारखंड में भी 31 अक्टूबर तक मौसमी बदलावों के साथ बारिश हो सकती है. बंगाल में भी आंधी, तूफान के साथ बिजली गिरने और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. झारखंड में हवाओं के झोंको की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है. ओडिशा में आज भी भारी बारिश का अलर्ट है, जो 2 नवंबर तक जारी रहेगा. झारखंड की राजधानी रांची, गुमला, धनबाद, गिरीडीह तक मौसम बदला है. पहाड़ी इलाकों में भी बारिश अपना असर दिखा रही है. जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में दो दिन बारिश की संभावना है जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक पांच दिन बारिश का दौर चलने के संकेत हैं. आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की चेतावनी भी है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर में डोडा, भद्रवाह, किश्तवाड़, पुलवामा, अनंतनाग तक बारिश का अलर्ट है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश चंबा, मनाली, शिमला से कुल्लू तक हल्की बारिश का अलर्ट है. उत्तराखंड में भी रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली जैसे जिलों में अलर्ट है.पूर्वी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी 30 अक्टूबर और 2-3 नवंबर भारी बारिश होने की संभावना है. उज्जैन, भोपाल समेत पश्चिमी मध्य प्रदेश में 29 अक्टूबर से 3 नवंबर बारिश का अलर्ट है. रीवा, सतना, ग्वालियर समेत पूर्वी मध्य प्रदेश में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर के दौरान बारिश हो सकती है. विदर्भ में भी 29 अक्टूबर से 1 नवंबर के दौरान और छत्तीसगढ़ में भी चार दिनों तक हल्की बारिश के आसार हैं. मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. आसमान में आमतौर पर बादल छाए हुए हैं. सुबह और दोपहर के दौरान कई शहरों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है.इसके साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है.हवाओं के साथ 50 किमी प्रति घंटे तक रफ्तार पहुंच सकती है और कुछ जगहों पर मध्यम स्तर की बारिश भी हो सकती है. दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने की संभावना है.कुछ अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है.तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद चक्रवाती तूफान अर्नब अभी सक्रिय है.पिछले छह घंटों के दौरान 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा है. आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर तेलंगाना के क्षेत्रों में यह सक्रियता दिखाएगा. गोपालपुर, रायपुर और संबलपुर में तूफान अभी असर दिखा रहा है.
