AIMIM के साथ हाथ मिलाइए,ओवैसी ने दिया सपा को ऑफर
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को सत्ता में लौटने से रोकने के लिए विपक्षी दलों से हाथ मिलाने की पेशकश की. ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी किसी संभावित राजनीतिक गठबंधन की घोषणा करने से पहले दो अक्टूबर तक इंतजार करेगी.ओवैसी ने कानपुर के छावनी क्षेत्र में बाबूपुरवा ईदगाह मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि AIMIM उत्तर प्रदेश में BJP की एक बार फिर सरकार बनने से रोकने के इच्छुक दलों के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार है.उन्होंने कहा कि हम भी नहीं चाहते कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बने. अगर आप बीजेपी को फिर से सरकार बनाने से रोकना चाहते हैं, तो आइए और एआईएमआईएम के साथ हाथ मिलाइए. ओवैसी ने बिहार में एआईएमआईएम के प्रस्ताव का भी जिक्र किया और कहा कि उनकी पार्टी ने गठबंधन के तहत छह सीटों पर चुनाव लड़ने की पेशकश की थी, लेकिन इसके बजाय उन पर ‘झूठे आरोप’ लगाए गए.

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने लोगों से पूछा, आपके अखिलेश भैया सत्ता में आए तो (उत्तर प्रदेश में) कितने दंगे हुए? इसके बाद उन्होंने 2013 में मुजफ्फरनगर में हुए दंगों का जिक्र किया और कहा कि लगभग 50 हजार लोग अपने घरों और गांवों से विस्थापित हो गए थे. ओवैसी ने सपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के शासन में मुसलमानों की सामाजिक और आर्थिक तथा शैक्षिक समस्याओं का हल नहीं किए जाने और उन्हें समुचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने ये भी कहा कि समाजवादी पार्टी में कितने मुस्लिम सांसद थे, किसी को मालूम नहीं है.उन्होंने मतदाताओं से राज्य में AIMIM की राजनीतिक उपस्थिति को मजबूत करने का आग्रह करते हुए कहा कि मुसलमानों को उत्तर प्रदेश विधानसभा में एक ‘आवाज’ की जरूरत है. ओवैसी ने मदरसों को लेकर बीजेपी सरकार के कदमों की भी आलोचना की और स्वतंत्रता संग्राम में मुस्लिम धर्मगुरुओं और धार्मिक विद्वानों की भूमिका का जिक्र किया. उन्होंने कानपुर के मदरसों के इतिहास का हवाला दिया और आरोप लगाया कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान मुस्लिम उलमा ने अंग्रेजों के खिलाफ फतवा जारी किया था.हमारी मस्जिदों और कब्रिस्तानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है, सरकार ने जुल्म किया है. यह हुकूमत न जीवित लोगों को चैन से रहने दे रही, न ही कब्र में सुकून से सो रहे बुज़ुर्गों को बख्श रही है. ओवैसी ने कहा कि वोट डिवाइड होने से रोकिए, ये गौ रक्षक नहीं है गौ राक्षस हैं.
