तेजस्वी का NDA सरकार पर हमला,सच्चाई बताने वाला अब नक्सली हो गया..
दिल्ली से पटना लौटे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शराबबंदी कानून को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी पूरी तरह विफल हो चुकी है और अब इसे लेकर सत्ता पक्ष के भीतर भी मतभेद सामने आ रहे हैं। शराबबंदी कानून की समीक्षा किए जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री से सवाल किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि शराबबंदी के नाम पर प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है और इसमें सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों की भूमिका है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण में ‘अर्बन नक्सली’ के जिक्र को लेकर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो लोग सरकार को उसकी कमियां और सच्चाई बताते हैं, उन्हें अलग-अलग नामों से संबोधित किया जाता है। तेजस्वी ने कहा कि किसानों के आंदोलन और छात्रों के आंदोलन को लेकर भी सरकार का रवैया स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस टिप्पणी को लेकर स्पष्टीकरण देने और छात्रों से माफी मांगने की मांग की।एके-47 से पुलिस फायरिंग के मामले को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद की ओर से राजभवन मार्च का एलान किया गया है।

उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ निलंबन और प्राथमिकी जैसी कार्रवाई नहीं की गई, जबकि दिखावे के लिए कुछ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया।तेजस्वी यादव ने कहा कि पुलिस की ओर से छात्रों के खिलाफ जिस तरह से हथियारों का इस्तेमाल किया गया, वह गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में राज्य के डीजीपी से भी मिल चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी बड़ी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर राजभवन तक अपनी आवाज उठाता रहेगा। 19 अगस्त को हम लोग राज भवन मार्च करेंगे। सरकार जब तक छात्रों को न्याय नहीं दे देता तब तक हम लोग चुप नहीं बैठेंगे।
