कई जिलों में लगने जा रहा है रोजगार मेला,हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा मौका आने वाला है. विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) 13 और 14 जुलाई को राज्य के 74 जिलों में बड़े स्तर पर रोजगार मेले आयोजित करेगा. इन मेलों में अलग-अलग निजी कंपनियां भाग लेंगी और योग्य युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराएंगी. स्किल ट्रेनिंग प्राप्त युवाओं के साथ-साथ सामान्य शिक्षित कैंडिडेट भी इसमें शामिल हो सकेंगे. सरकार का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. इसके लिए सभी जिलों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं.जो अभ्यर्थी इसमें भाग लेना चाहते हैं, वो अपने जिले की आईटीआई से मेला स्थल, समय और अन्य जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. मिशन निदेशक पुलकित खरे ने सभी जिलों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं, उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन, मुख्य विकास अधिकारी और कौशल विकास मिशन के अधिकारी मिलकर रोजगार मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित करें.

साथ ही निजी कंपनियों को आमंत्रित करने और योग्य अभ्यर्थियों की लिस्ट पहले से तैयार रखने को भी कहा गया है.इस रोजगार मेले में यूपीएसडीएम, डीडीयू-जीकेवाई और ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के अलावा सामान्य शिक्षा पूरी कर चुके उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे. मुख्यमंत्री के जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत चिन्हित अत्यंत गरीब परिवारों के युवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें.दिव्यांग अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी मेला स्थलों पर रैम्प और सुगम आवागमन जैसी व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी. सुरक्षा व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा.रोजगार मेले की पूरी प्रक्रिया पर मिशन मुख्यालय नजर रखेगा. आयोजन समाप्त होने के बाद प्रत्येक जिले को चयनित और नियुक्त युवाओं की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय भेजनी होगी. अधिकारियों का मानना है कि यह पहल प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार दिलाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
