तेज प्रताप यादव के दावे से गरमाई सियासत,क्या सच में गिरने वाली है सम्राट की सरकार?
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी की ताजपोशी के बाद से ही प्रदेश का सियासी पारा हाई है. एक के बाद एक बड़े बयान को लेकर कयासों का बाजार भी गरम है. इस बीच जेजेडी (जनशक्ति जनता दल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट से सियासी भूचाल आ गया है.सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए तेज प्रताप यादव ने बिहार सरकार के गिरने का दावा किया है. साथ ही उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच सबकुछ ठीक-ठाक नहीं होने का दावा भी किया है. तेज प्रताप ने बिहार सरकार के जल्द गिरने की भविष्यवाणी भी की है.सोशल मीडिया पर तेज प्रताप के द्वारा किए गए इस पोस्ट पर यूजर्स मिलीजुली प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर्स अविशान कुमार ने लिखा है कि आपकी बातों को सीरियस कौन लेता है? वहीं एक दूसरे यूजर्स ने कहा रहने दो भाई तुम.बता दें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है. बीजेपी के प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी ने पारिवारिक कारणों से अपना नाम वापस ले लिया.

इसके थोड़ी देर बाद ही पार्टी ने अपने नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के नाम का ऐलान भी कर दिया. वही जेजेडी ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है. वीणा मानवी यहां से चुनावी मैदान में हैं.जबकि बीते दिन हीं सीएम आवास में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बिहार एनडीए की बैठक हुई. नीतीश कुमार के सत्ता से हटने के बाद यह पहली बड़ी बैठक थी. जिसमें सरकार के कामकाज पर चर्चा हुई. तमाम घटक दलों के जिला अध्यक्षों से फीडबैक लिया गया. बैठक में जेडीयू अध्यक्ष समेत अन्य दलों के भी बड़े नेता मौजूद थे.एनडीए की बैठक में मंत्रियों के कामकाज पर भी चर्चा हुई और मंत्रियों को प्रभार वाले जिले में रात्रि विश्राम करने के लिए निर्देश भी दिया गया. साथ ही जिला अध्यक्ष के साथ कोऑर्डिनेशन करें, यह भी कहा गया. बैठक के बाद मंत्री अशोक चौधरी कहा कि कोऑर्डिनेशन की कहीं कोई समस्या नहीं है.वही, मंत्री निशांत कुमार ने कहा, ‘नीतीश कुमार जी ने जो 20 सालों में काम किया है. उसे लोगों के बीच ले जाना है. बिहार के विकास पर काम करना है, इस पर चर्चा हुई है.’बीजेपी नेता और मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बैठक में सभी जिला अध्यक्षों को विशेष रूप से बुलाया गया था और सबसे फीडबैक लिया गया है. बैठक में सभी विधायक सभी मंत्री और एनडीए घटक दल के नेता शामिल थे.वहीं बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि बांकीपुर एनडीए की सीट रही है. इस बार भी एनडीए के कैंडिडेट की चुनाव जीतेंगे. वहां कोई मुकाबला नहीं है, एकतरफा जीत होगी।
