आखिर कब तक आएगा शिक्षक भर्ती का विज्ञापन?प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांगे सुनेगी बिहार सरकार!
बिहार में सम्राट कैबिनेट विस्तार के ठीक एक दिन बाद ही शिक्षा विभाग को लेकर एक ही दिन दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिलीं.बीते दिन एक ओर सम्राट कैबिनेट में शामिल नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पदभार ग्रहण कर शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव का दावा किया, वहीं दूसरी ओर राजधानी पटना की सड़कों पर TRE-4 शिक्षक अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा. शिक्षक भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे राजधानी में तनाव का माहौल बन गया.दरअसल में बीते दिन TRE 4 अभ्यर्थियों ने अपनी मांग को लेकर पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला था. अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास जाना चाहते थे, लेकिन जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने अभ्यर्थियों को रोकने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच झड़प हो गई. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. इस घटना में कई अभ्यर्थियों को गंभीर चोट लगी. लाठीचार्ज के दौरान महिला अभ्यर्थी भी गंभीर रूप से घायल हो गयी हैं. कई अभ्यर्थियों को जबरन पकड़ का वैन में बंद कर दिया गया।अभ्यर्थियों का आरोप है कि वे लंबे समय से TRE-4 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार उन्हें टाल रही है. कई छात्रों ने कहा कि वे जमीन गिरवी रखकर और कर्ज लेकर तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में देरी से उनका भविष्य अधर में लटक गया है. छात्रों ने सरकार से जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग दोहराई.

छात्रों का कहना है कि उन्हें गुमराह किया जा रहा है. उन्होंने याद दिलाया कि BPSC के परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को कहा था कि TRE-4 का विज्ञापन तीन-चार दिनों में जारी कर दिया जाएगा और आवेदन प्रक्रिया 25-26 अप्रैल से शुरू हो जाएगी. लेकिन अब 8 मई तक भी कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है, जिससे छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है. इसके लिए प्रस्ताव फरवरी में ही BPSC को भेजी गई थी, जिसे बाद में शिक्षा विभाग ने संशोधित कर वार्षिक कैलेंडर में शामिल किया. संभावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित हो सकती है और परिणाम नवंबर में जारी होने की उम्मीद है.इस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी. कक्षा 1 से 12 तक के शिक्षकों के अलावा विभिन्न कल्याण विभागों में भी नियुक्तियां होंगी. बीते दो वर्षों में TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के जरिए करीब 2.27 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है।बिहार राज्य शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि उनका लक्ष्य बिहार को बदलना और हर किसी को शिक्षित करना है. उन्होंने युवा प्रदर्शनकारियों से धैर्य रखने की अपील करते हुए जल्द समाधान का वादा किया है. बीपीएससी कैलेंडर 2026 के अनुसार, शिक्षक भर्ती परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच होनी है और परिणाम नवंबर में आने की उम्मीद है।वहीं चिराग पासवान ने कहा कि ‘बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE) 4.0 की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। लोकतंत्र में युवाओं को अपनी जायज मांगों को रखने का अधिकार है। शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से अधिसूचना जारी होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उनकी आवाज सुनने के बजाय बल प्रयोग करना संवेदनशीलता और संवाद की भावना के विपरीत है।
