आखिर कौन बनेगा बिहार का सीएम?नीतीश कुमार ने इशारों में कर दिया क्लियर
बिहार के जमुई में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनसभा के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने राज्य की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है. समृद्धि यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम में सीएम खुद चलकर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पास पहुंचे और उनकी पीठ पर हाथ रखकर ऐसा लगा जैसे इशारा दिया हो कि अब यही बिहार चलाएंगे.ऐसा लगा मुख्यमंत्री जमुई से नहीं बिहार से विदाई ले रहे है और कमान सम्राट चौधरी को सौंप रहे है, क्या सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे? इस वीडियो के सामने आने के बाद कयास लगने लगे हैं. इस दौरान सम्राट चौधरी हाथ जोड़कर खड़े रहे.मंच पर मौजूद इस दृश्य की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और इसे लेकर कई तरह के सियासी कयास लगाए जा रहे हैं. जनसभा में सीएम के इस व्यवहार को कई लोग राजनीतिक संकेत के रूप में देख रहे हैं.

चर्चा इस बात की भी हो रही है कि क्या मुख्यमंत्री ने अप्रत्यक्ष रूप से सम्राट चौधरी को आगे की जिम्मेदारी का इशारा दिया है. मंच से कार्यक्रम समाप्त करने से पहले नीतीश कुमार ने सभी नेताओं से हाथ उठवाकर जनता को संबोधित किया और कहा कि यही लोग बिहार के विकास के लिए काम कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकार में हालात बेहद खराब थे और लोगों को शाम के बाद घर से निकलने में डर लगता था.अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2005 में एनडीए सरकार के गठन के बाद राज्य में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों में आए बदलावों को भी गिनाया. उन्होंने कहा कि पहले शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन अब बिहार विकास की पटरी पर आगे बढ़ रहा है. साथ ही उन्होंने सामाजिक सौहार्द और कब्रिस्तानों तथा मंदिरों की घेराबंदी जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया.कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के अलावा मंत्री विजय चौधरी, संजय सिंह, श्रेयसी सिंह समेत कई नेता और विधायक मौजूद रहे. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अभी तक किसी भी नेता की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि क्या यह महज एक सामान्य इशारा था या फिर भविष्य की राजनीति का कोई संकेत.सीएम नीतीश कुमार इससे पहले तेजस्वी यादव को मीडिया के सामने आगे कर कह चुके हैं कि यही लोग अब बिहार का भविष्य हैं. तब भी चर्चा होने लगी थी कि तेजस्वी बिहार के अगले सीएम होंगे लेकिन कुछ महीने बाद ही ऐन वक्त पर नीतीश ने पाला बदल लिया था और महागठबंधन की सरकार गिर गई थी. नीतीश जब भी कोई तूफानी करने वाले होते हैं तो किसी को अपने करने की भनक तक नहीं लगने देते. अब देखना है कि नीतीश का गेम प्लान बिहार और देश के लिए क्या है? जमुई की इस जनसभा का एक छोटा सा दृश्य अब बड़े राजनीतिक सवाल में बदल गया है. क्या सम्राट चौधरी बिहार की कमान संभालने वाले अगले नेता होंगे, या फिर बिहार में फिर कोई खेला होने वाला है?
