नीतीश कुमार को मिला राज्यसभा निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र,संजय झा ने दी जानकारी
बिहार की राजनीति में एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत होने जा रही है. लगभग दो दशक तक राज्य की कमान संभालने के बाद नीतीश कुमार अब देश के संसद के उच्च सदन, राज्यसभा में अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. नीतीश कुमार को राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र सौंपा गया है. जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया. इस दौरान संजय गांधी भी मौजूद रहे. संजय झा ने सोशल मीडिया X पर लिखा कि राज्यसभा में उनकी (नीतीश कुमार) उपस्थिति से बिहार के विकास को नई गति मिलेगी.संजय झा ने अपने पोस्ट में लिखा है कि आज माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने का प्रमाण-पत्र सौंपने का अवसर मिला. इस दौरान पार्टी नेता संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’ भी उपस्थित रहे. उनका (नीतीश कुमार) सार्वजनिक जीवन नागरिकों की सेवा और बिहार के विकास को समर्पित रहा है.बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर निर्वाचन हुआ है, जिसमें एनडीए के सभी उम्मीदवारों को जीत मिली है. सीएम नीतीश कुमार अपनी पार्टी जेडीयू कोटे से प्रत्याशी थे. चुनाव में जीत के लिए कम से कम 41 विधायकों के वोट की जरूरत थी.

नीतीश कुमार को कुल 44 वोट मिले.बता दें कि सोमवार को बिहार विधानसभा में शाम 4 बजे तक मतदान हुआ. उसके बाद 5 बजे से वोटों की गिनती हुई. जेडीयू के नीतीश कुमार के साथ ही रामनाथ ठाकुर को भी जीत मिली है. बीजेपी से नितिन नबीन और शिवेश कुमार को जीत मिली है. वहीं आरएलएम से उपेंद्र कुशवाहा ने जीत हासिल की ही. महागठबंधन के एक मात्र उम्मीदवार एडी सिंह को हार का सामना करना पड़ा. एडी सिंह आरजेडी उम्मीदवार थे.बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एनडीए के पांचों उम्मीदवारों को जीत के लिए बधाई दी. X पर उन्होंने लिखा कि बिहार की जय, NDA सदा तय. राज्यसभा चुनाव में नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सम्मानित राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवेश कुमार जी को राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं असंख्य शुभकामनाएं. आप सभी के अनुभव, नेतृत्व और जनसेवा के संकल्प से संसद में बिहार और देश की आवाज और अधिक सशक्त होगी.
