5 अगस्त को होगी CJP कोर कमेटी की मीटिंग,राजनीति में उतरेंगे युवा
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की कोर कमेटी की बैठक पांच अगस्त को छत्रपति संभाजीनगर में होगी. जिसमें सीजेपी के प्रमुख सदस्य पार्टी की भविष्य की रणनीति और कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे. सीजेपी के सूत्रों ने रविवार को बताया कि यह बैठक CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के आवास पर होगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मीटिंग में पार्टी के आने वाले आंदोलन की दिशा, नए मुद्दों और आगे की कार्रवाई पर चर्चा और फैसला किया जाएगा.सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले महीने नीट पेपर लीक के विरोध में एक महीने तक चले आंदोलन के बाद सीजेपी के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से कहा गया था कि वे कुछ समय अपने परिवार के साथ बिताएं. उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रमुख सदस्यों से यह भी कहा गया था कि वे स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों से बातचीत करें और उनके विचार तथा सुझाव लेकर बैठक में पहुंचें.सूत्रों के अनुसार, 5 अगस्त की बैठक के बाद सीजेपी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी जिसमें भविष्य की कार्ययोजना और आगे की रणनीति से जुड़े फैसलों की घोषणा की जाएगी.

उधर, अभिजीत दीपके ने रविवार को अपने आवास पर विद्यार्थियों, स्थानीय लोगों और पड़ोसी जिले से आए आगंतुकों से मुलाकात की. साथ ही बच्चों के साथ ‘मित्रता दिवस’ (Friendship Day) मनाया.दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर सीजेपी के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों को देशभर की युवा पीढ़ी से जबरदस्त समर्थन मिला, जिसके चलते पिछले सप्ताह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा. जिसके बाद सीजेपी ने अपना आंदोलन वापस ले लिया था.इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व अभिजीत दिपके और समाजसेवी सोनम वांगचुक ने किया, और इसे कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और फिल्मी हस्तियों का समर्थन मिला. लगभग 36 दिनों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया. इस घटना ने कॉकरोच जनता पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में ला दिया.5 अगस्त को छत्रपति संभाजीनगर के वालुज में अभिजीत दीपके के घर पर होने वाली मीटिंग में लगभग 15 सदस्यों के आने की उम्मीद है, जहां पार्टी के भविष्य के रुख और आने वाले आंदोलनों के बारे में चर्चा होगी. अभिजीत दीपके ने मीटिंग की पुष्टि की है, लेकिन इस मामले पर पहले से कोई जानकारी देने से मना कर दिया.
