वीणा मानवी का नामांकन आखिर क्यों हुआ रद्द?जानिए पूरा मामला और वजह
बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज नामांकन की छंटनी चल रही है. जांच के क्रम में जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी के नोमिनेशन को रद्द कर दिया गया है. चुनाव आयोग ने जांच के बाद उनके नामांकन पत्र को खारिज करने का फैसला सुनाया है. इस फैसले के बाद वीणा मानवी के समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी निराशा देखी जा रही है.चुनाव आयोग के अनुसार वीणा मानवी ने अपने चुनावी हलफनामे में एक आपराधिक मामले की जानकारी नहीं दर्शाई थी. नियमों के मुताबिक सभी उम्मीदवारों को अपने ऊपर दर्ज आपराधिक मामलों की पूरी जानकारी हलफनामे में देनी अनिवार्य होती है. इस महत्वपूर्ण जानकारी को छिपाने के कारण ही निर्वाचन अधिकारी ने नियमों के तहत उनका नामांकन फॉर्म रद्द कर दिया है.

हालांकि खुद तेजप्रताप यादव भी वीणा मानवी के साथ समाहरणालय पहुंचे और अधिकारियों से बात की लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ. जेजेडी अध्यक्ष ने इसे सरकार की साजिश बताते हुए कहा कि वह मामले को कोर्ट में लेकर जाएंगे.वीणा मानवी ने 13 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन किया था. जेजेडी कैंडिडेट ने दावा किया था कि अपने हलफनामे में उन्होंने सारी जानकारी दी है. कोई भी जरूरी जानकारी नहीं छिपाई है.वीणा मानवी को नामांकन के बाद गिरफ्तार भी किया गया था. धोखाधड़ी से जुड़े 2009 के एक मामले में पुलिस ने उनको गिरफ्तार किया था. हालांकि बाद में उनको जमानत मिल गई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि सत्ताधारी पार्टी नहीं चाहती है कि वह चुनाव लड़ें. इसीलिए उनको पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया है.बांकीपुर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी से नीरज कुमार सिन्हा उम्मीदवार हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल से रेखा गुप्ता प्रत्याशी हैं. वहीं जन सुराज पार्टी से खुद प्रशांत किशोर मैदान में हैं. 30 जुलाई को वोटिंग होगी और 3 अगस्त को नतीजे आएंगे.
