बिहार में आगामी 27 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क,14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा तापमान

राजधानी पटना समेत प्रदेश के अधिकतर भागों में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बांका समेत राज्य के दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-मध्य भागों में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गयी है। राज्य के कई जिलों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जबकि कई जिलों में सुबह के समय कुहासा का असर देखने को मिल रहा है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम भागों में अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कुहासा छाया रहेगा।

बिहार में आगामी 27 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान आसमान साफ रहने के आसार है। हालांकि सुबह में कुछ इलाके में धुंध और कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार पछुआ और उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह सतह से 5.8 किलोमीटर ऊवा तक बना हुआ है। इसकी वजह से राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्के स्तर का कोहरा छाए रहने का आसार है। साथ ही अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।