RJD से बाहर निकाले जाएंगे खेसारी लाल यादव?प्रशांत किशोर का समर्थन करना पड़ेगा भारी
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं. राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है लेकिन पार्टी नेता और भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने निजी तौर पर प्रशांत किशोर के समर्थन में उतर गए हैं. उनके बयान पर महागठबंधन में बवाल शुरू हो गया है. खेसारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है. प्रशांत किशोर के समर्थन में कई राजनीतिक पार्टी और नेता आ रहे हैं. तेजप्रताप यादव ने उनको समर्थन देने का ऐलान किया है. वहीं अब भोजपुरी स्टार और छपरा से राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी रह चुके खेसारी लाल यादव ने भी प्रशांत किशोर के समर्थन में आवाज बुलंद की है.खेसारी लाल यादव ने कहा कि प्रशांत किशोर पढ़े-लिखे हैं. उन्हें बिहार के विकास की समझ है. उनके जैसे लोगों को सदन में होना चाहिए. भोजपुरी स्टार ने कहा कि अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे की तस्वीर अच्छी हो तो आपको ‘प्रशांत भैया’ को सपोर्ट करना चाहिए. वह अगर सदन के अंदर जाएंगे तो आपके पक्ष में आवाज बुलंद करेंगे.

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर के समर्थन करने पर आईआईपी चीफ और सहरसा से विधायक आईपी गुप्ता ने कड़ी आपत्ति जताई है. साथ ही भोजपुरी स्टार को आरजेडी से बाहर करने की मांग की है. आईपी गुप्ता ने कहा कि यदि कोई नेता या प्रचारक महागठबंधन में रहकर किसी दूसरे दल या उम्मीदवार का समर्थन करता है तो यह गठबंधन धर्म के खिलाफ है. उन्होंने कांग्रेस और महागठबंधन के शीर्ष नेतृत्व से इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की है. विधायक ने खेसारी की मंशा और वफादारी पर सवाल उठाते तेजस्वी यादव से कार्रवाई की मांग की है.राजनीतिक विश्लेषक डॉक्टर संजय कुमार का मानना है कि खेसारी की लोकप्रियता का असर खासकर युवा और भोजपुरी भाषी मतदाताओं के बीच देखने को मिल सकता है. वह कहते हैं, ‘वह राष्ट्रीय जनता दल के नेता हैं और उनके बयान से राजद के मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है. हालांकि वास्तविक चुनावी प्रभाव मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा.’30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे. बीजेपी के नीरज सिन्हा का मुकाबला आरजेडी की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर से है. तमाम दलों के नेता अपने-अपने उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं लेकिन आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने अबतक चुनावी अभियान की शुरुआत नहीं की है. बताया जाता है कि वह विदेश में हैं. 24 जुलाई को वापस आने के बाद प्रचार की शुरुआत कर सकते हैं.
