नीतीश कुमार के बाद अब कौन होगा सीएम?ये बड़े नेता करेंगे तय
नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला सीएम कौन होगा, मौजूदा वक्त में ये अब सबसे बड़ा सवाल है. जब ये सवाल केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को ये मालूम है. दिल्ली में संसद भवन परिसर में मांझी ने कहा कि नरेंद्र मोदी बहुत अच्छे से जानते हैं और हमारे अमित शाह मंझे हुए राजनीतिज्ञ हैं, उन्होंने अपने मन में सोच लिया होगा कि किसको बनाना है. वो जिसको भी बनाएंगे, अच्छा बनाएंगे. सबकी मान्यता उसको मिलेगी. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी इस पर रिएक्शन दिया है. उन्होंने कहा कि कोई भी दूसरे सदन में चुना जाता है तो एक सदन से इस्तीफा देता है. यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने यह निर्णय दबाव में लिया है.इस दौरान पत्रकारों ने पूछा कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद निशांत का राजनीतिक भविष्य है क्या? इस पर कहा कि इस पर हम कोई टिप्पणी नहीं करेंगे लेकिन कोई भी नौजवान राजनीति में आता है तो हम स्वागत ही करेंगे.तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर बीजेपी पर भी हमला किया. उन्होंने कहा कि हम लोग पहले से कहते रहे हैं कि नीतीश कुमार ने जो निर्णय लिया है वह दबाव में लिया है. बीजेपी ने नीतीश कुमार को तो ठगा है साथ ही बिहार की जनता को भी ठगने का काम किया है. हम शुरू से कहते थे कि जब भी बीजेपी की सरकार आएगी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर रहने नहीं देगी. आज वही हुआ है. बीजेपी हर जगह कब्जा करके अपनी सरकार बनाने में लगी है।उन्होंने कहा कि अब आगे कौन मुख्यमंत्री होगा या नीतीश कुमार कब इस्तीफा देंगे, किस समय देंगे, यह नहीं बता सकते, लेकिन इतना तय है कि नीतीश कुमार को बीजेपी ने ठगा है. अब नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे.नीतीश के इस्तीफे पर उनकी पार्टी के कई मंत्री विधायक रो रहे. इस सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि कौन रो रहा क्या कर रहा ये सब हम नहीं जानते हैं. तेजस्वी यादव ने मंत्री अशोक चौधरी का नाम लिए बिना कहा कि आजकल लोग केवल कैमरा देखकर ड्रामा करते हैं.

अब सब कुछ तो कर ही लिया है. कुछ बचा नहीं है. आजकल तो कुछ लोग पढ़ाने का भी काम कर रहे हैं. कई लोग कलाकारी भी कर रहे हैं. ऐसे लोगों पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे. बिहार के मुद्दों पर बात होनी चाहिए, लेकिन उस पर बात नहीं हो रही है।सांसद पप्पू यादव ने कहा कि कौन लोग हैं जिन्होंने जबरदस्ती नीतीश कुमार के लिए इस तरह का हालात पैदा किया है? नीतीश कुमार मूल्यों और ऊंचे आदर्शों के लिए जाने जाते हैं. कर्पूरी, गांधी, जेपी के आदर्श पर चलते हैं. वो तो निर्णय ले लिए, लेकिन इसका असर बिहार में गलत होगा. बिहार की जनता चाहती है नीतीश कुमार रहें. बीजेपी के हाथ में कुछ भी न जाए. नीतीश कुमार ने निर्णय ले ही लिया है तो जेडीयू से कोई मुख्यमंत्री हो, बीजेपी का मुख्यमंत्री न हो.दूसरी ओर सांसद पप्पू यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए नीतीश कुमार के बेटे निशांत का नाम लेते हुए कहा है कि इन्हें ही उत्तराधिकारी बनाया जाए. वे लिखते हैं, “नीतीश कुमार जी का बिहार विधान परिषद से इस्तीफा एक बहुत बड़ी परिघटना है. बिहार ने उन्हें जनादेश दिया था तो उन्हें निश्चित रूप से सीएम पद नहीं छोड़ना चाहिए था. अगर छोड़ रहे हैं तो JDU से ही अपना उत्तराधिकारी बनाएं, सबसे बेहतर विकल्प सिर्फ निशांत हैं, उन्हें CM नियुक्त करें!
