10 साल का लंबा इंतजार हुआ खत्म,’24’ सीजन 3 के साथ आ रहे है अनिल कपूर
बॉलीवुड के ‘एवरग्रीन’ स्टार अनिल कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘सूबेदार’ को लेकर हर तरफ छाए हुए हैं. लेकिन इसी बीच उन्होंने अपने फैंस को एक ऐसा सरप्राइज दिया है, जिसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी. करीब एक दशक के लंबे इंतजार के बाद, अनिल कपूर एक बार फिर छोटे पर्दे पर अपने सबसे चर्चित अवतार ‘जय सिंह राठौड़’ के रूप में लौटने के लिए तैयार हैं. एक्टर ने खुद सोशल मीडिया पर ’24’ सीजन 3 के बारे में जानकारी दी है।दरअसल, ये सारा मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर शुरू हुआ. एक फैन ने अनिल कपूर की फिल्म ‘सूबेदार’ में उनकी दमदार एक्टिंग की तारीफ करते हुए लिखा, “यही वजह है कि अनिल कपूर जैसे एक्टर्स आज भी स्क्रीन पर धमाल मचा सकते हैं. मेरी दिली इच्छा है कि अनिल जी अब ’24’ का एक और सीजन लेकर आएं.”अनिल कपूर ने भी अपने इस जबरा फैन को निराश नहीं किया. उन्होंने रिप्लाई करते हुए लिखा, “जल्द आ रहा हूं, 24 के साथ.” अपने इस मैसेज के साथ उन्होंने ‘पंच’ (मुक्के) वाला इमोजी भी बनाया, जिसने फैंस के बीच खलबली मचा दी है.’24’ इसी नाम की मशहूर अमेरिकी सीरीज का इंडियन रीमेक है.

इसका पहला सीजन साल 2013 में आया था और दूसरा 2016 में. इस शो की खासियत इसका ‘रियल-टाइम’ फॉर्मेट है. यानी जय सिंह राठौड़ (अनिल कपूर) के पास देश और अपने परिवार को आतंकी हमले से बचाने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय होता है. हर एपिसोड कहानी के एक घंटे को दर्शाता है.24’ के पिछले दो सीजन में हमने साक्षी तंवर, सुरवीन चावला, सिकंदर खेर और नील भूपालम जैसे मंझे हुए कलाकारों को देखा है. सीजन 1 में जय सिंह राठौड़ ने ऑनस्क्रीन प्रधानमंत्री बने आदित्य सिंघानिया की जान बचाई थी. सीजन 2 में कहानी एक खतरनाक वायरस के इर्द-गिर्द थी, जिसे रोकने के लिए जय सिंह राठौड़ ने अपनी जान की बाजी लगा दी थी. अब सवाल ये है कि क्या तीसरे सीजन में साक्षी तंवर (मल्लिका सेन) या सुरवीन चावला (माया) फिर से दिखाई देंगी? फिलहाल प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू होने की खबरें हैं, लेकिन कास्टिंग को लेकर सस्पेंस बरकरार है.सीजन 2 के करीब 10 साल बाद टीवी पर अनिल कपूर की धमाकेदार एंट्री होने जा रही है. आज के दौर में जहां ओटीटी पर थ्रिलर कंटेंट की भरमार है, वहां ’24’ जैसे कल्ट क्लासिक शो का वापस आना किसी ट्रीट से कम नहीं है. अनिल कपूर ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उम्र उनके लिए महज एक नंबर है और एक्शन के मामले में वह आज के युवाओं को भी मात दे सकते हैं।
