अगले महीना नहीं रिलीज होगी सलमान खान की फिल्म मातृभूमि,जान लीजिए कहां फंस रहा है मामला?
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ कब रिलीज़ होगी? ये सवाल भाईजान के फैंस लंबे वक्त से पूछ रहे हैं. अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी सलमान स्टारर इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था. कहानी भारत-चीन के सैनिकों के बीच गलवान घाटी में हुए झड़प पर आधारित थी. हालांकि बाद में इस फिल्म में काफी बदलाव किए गए. फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज़ होनी थी, लेकिन नए शूट के चलते इसमें देरी हुई और फिल्म को पोस्टपोन करना पड़ा.पिछले दिनों ऐसी रिपोर्ट्स आईं कि अब सलमान खान अपनी इस फिल्म को 15 मई को रिलीज़ करने का प्लान बना रहे हैं. हालांकि लगता है कि 15 मई को भी फिल्म रिलीज़ नहीं हो पाएगी. बॉलीवुड हंगामा ने अपनी एक रिपोर्ट में सोर्स के हवाले से दावा किया है कि फिल्म के नए कट के साथ भी मसला हो रहा है. दरअसल सलमान अपनी फिल्म को 15 मई को ही लाना चाहते हैं, लेकिन सेंसर बोर्ड में फिल्म अटक गई है और इसे सर्टिफिकेट दिलाना मुश्किल हो रहा है.तय वक्त पर सेंसर बोर्ड से ‘मातृभूमि’ को मंजूरी नहीं मिलने की सूरत में फिल्म मई में रिलीज़ नहीं हो सकेगी. ऐसे में बताया जा रहा है कि अब मेकर्स इसे जून में रिलीज़ करने पर विचार कर रहे हैं. हालांकि इसके लिए भी सेंसर बोर्ड से फिल्म को मंजूरी मिलने का इंतज़ार करना होगा.‘मातृभूमि’ को रिलीज़ होने में भले ही देरी हो रही है, लेकिन सलमान रुके नहीं हैं. वो अपने अगले प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने जा रहे हैं. इसी महीने 17 अप्रैल के आस पास सलमान अपने अगले प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू कर देंगे. इस फिल्म का निर्देशन वामशी पैडिपल्ली कर रहे हैं. हाल ही में सलमान ने आधिकारिक तौर पर अपने इस प्रोजेक्ट का ऐलान किया था. माना जा रहा है कि ये फिल्म 2027 की शुरुआत में आएगी।

वहीं दूसरी तरफ लंबे समय से ऐसी चर्चा चल रही थी कि शाहरुख खान सुपरस्टार रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म ‘जेलर 2’ में कैमियो करने वाले हैं. ऐसी खबरें थीं कि वो पुलिस वाले के रोल में नजर आएंगे और पांच दिनों तक इसकी शूटिंग करेंगे. हालांकि, अब ऐसी खबर है कि अपनी फिल्म ‘किंग’ की वजह से वो रजनीकांत की फिल्म में कैमियो नहीं कर पाएंगे. दरअसल, उन्होंने ‘जेलर 2’ की टीम के सामने एक ऐसी शर्त रखी, जो प्लान के हिसाब से मुमकिन नहीं है. ऐसे में शाहरुख ने प्यार से रजनीकांत से कैमियो करने के लिए मना कर दिया. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि वो दोनों भविष्य में जरूर साथ में काम करेंगे.पिंकविला की एक रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से कहा गया, “‘जेलर 2’ के मेकर्स कैमियो रोल के लिए पांच दिनों की शूटिंग के लिए शाहरुख खान को लेना चाहते थे. शाहरुख भी इसके लिए तैयार थे. हालांकि, फिलहाल उनका पूरा फोकस अपनी फिल्म ‘किंग’ पर है. ये फिल्म उनके लिए काफी खास है, क्योंकि इसके जरिए वो अपनी बेटी सुहाना को सिल्वर स्क्रीन पर लॉन्च कर रहे हैं. ‘जेलर 2’ की टीम के साथ बातचीत में शाहरुख ने कैमियो करने की इच्छा जाहिर की. साथ ही उन्होंने ये भी अनुरोध किया कि ‘जेलर 2’ को ‘किंग’ के बाद रिलीज किया जाए, क्योंकि वो नहीं चाहते कि ‘किंग’ में उनका जो लुक है वो रिवील हो जाए.ये भी कहा गया कि ‘किंग’ में शाहरुख खान एक खास लुक में नजर आने वाले हैं और वो नहीं चाहते हैं कि उस फिल्म से पहले किसी दूसरी फिल्म में उनका ये खास लुक दिखे. इसलिए ही उन्होंने ‘जेलर 2’ के मेकर्स से ‘किंग’ के बाद फिल्म को रिलीज करने को अनुरोध किया. अगर ऐसा हो जाता है तो शाहरुख इस फिल्म में कैमियो करते, लेकिन ‘जेलर 2’ के मेकर्स अपनी फिल्म को इसी साल अगस्त में रिलीज करने का प्लान कर रहे हैं. यानी ‘किंग’ से लगभग चार महीने पहले. ‘किंग’ की रिलीज डेट 24 दिसंबर 2026 है।
