RJD ने बीजेपी पर किया पोस्टर वार,कोई ऐसा सगा नहीं जिसको भाजपा ने ठगा नहीं
बिहार की राजनीति में पोस्टर वार का ट्रेंड हमेशा बना रहता है. विपक्षी नेता अक्सर हमला करने के लिए पोस्टर का सहारा लेते रहते हैं. आरजेडी ने एक बार फिर से नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने को लेकर पोस्टर वार किया है और बीजेपी को अजगर के रूप में दिखाया है.मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस दिन से राज्यसभा के लिए नामांकन किया है, उस दिन से चर्चाओं का बाजार गर्म है. बिहार में बीजेपी के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा के बीच शनिवार (14 मार्च) को राजद कार्यालय के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें भाजपा को अजगर बताते हुए लिखा गया है कि कोई ऐसा सगा नहीं, जिसको भाजपा ने ठगा नहीं.आरजेडी ने पोस्टर में लिखा है कि महाराष्ट्र की तरह ही बिहार में बीजेपी अपने सहयोगी पार्टी को खा जाएगी. पोस्टर में एक तरफ नीतीश की तस्वीर लगाई गई है और दूसरी तरफ एक विशाल अजगर सांप की तस्वीर बनाई गई है. अजगर, महाराष्ट्र के सीएम की कुर्सी को निगलते नजर आ रहा है.राजद के प्रदेश महासचिव भाई अरुण ने कहा कि बिहार में जिस तरह की राजनीति भाजपा के लोग कर रहे हैं, वह पूरे देश के लोग देख रहे हैं. किस तरह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजा जा रहा है और भाजपा का मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है. यह जनादेश का अपमान है.

आरजेडी नेता ने बीजेपी को चैलेंज देते हुए कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी को यह लगता है कि जनादेश उसके साथ है तो विधानसभा को भंग करके फिर से चुनावी मैदान में आना चाहिए. किसी के साथ धोखा या छल कर अपना मुख्यमंत्री बनाना गलत है. पोस्टर लगाकर हम लोग बीजेपी के चेहरा को उजागर कर रहे हैं.कुल मिलाकर देखें तो राजद ने आज पोस्टर लगाकर बिहार के राजनीतिक घटनाक्रम पर बड़ा तंज कसा है. भाजपा को अजगर बताते हुए यह कहने की कोशिश की है भाजपा जदयू को खत्म कर देगी. बता दें कि नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की इच्छा जतायी थी और इसके लिए अमित शाह की उपस्थिति में नामांकन भी कर चुके हैं. वहीं उनके बेटे निशांत कुमार को लेकर चर्चा है कि उन्हें डिप्टी सीएम का पद मिल सकता है. बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरकरार है. हालांकि बीजेपी से ही सीएम होने की चर्चा है.
