पीएम मोदी आज लोकसभा में देंगे जवाब,संविधान पर चर्चा का है दूसरा दिन

लोकसभा में संविधान पर चर्चा का आज दूसरा दिन है। दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के संविधान की 75वीं वर्षगांठ पर हो रही संविधान पर चर्चा का जवाब दे सकते हैं। लोकसभा में 13 दिसंबर से दो दिवसीय संविधान पर चर्चा का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को इस चर्चा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने अपने-अपने भाषण दिए। राजनाथ सिंह ने अपने भाषण में संविधान के एतिहासिक महत्व और देश के शासन को आकार देने में इसकी भूमिका पर जोर दिया। वहीं प्रियंका गांधी ने कहा कि ये देश भय से नहीं चल सकता। अपने भाषण में रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि भारत के संविधान का निर्माण केवल एक विशेष राजनीतिक दल ने नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास कई व्यक्तियों के सामूहिक योगदान और भारत के संविधान में सांस्कृतिक और सभ्यतागत मूल्यों की गहरी जड़ों को नजरअंदाज करने का प्रयास है। राजनाथ सिंह ने कहा, ‘संविधान निर्माण के काम को हमेशा एक खास पार्टी द्वारा हाईजैक करने का प्रयास किया गया है। आज मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि हमारा संविधान किसी एक पार्टी की देन नहीं है। भारत का संविधान भारत के लोगों द्वारा भारत के मूल्यों के अनुरूप बनाया गया है।