RLD में शामिल हुए नीतीश के करीबी केसी त्यागी,बीते कुछ दिन पहले हीं छोड़ा था जेडीयू
जनता दल यूनाइटेड के दिग्गज नेता रहे केसी त्यागी ने आज जयंत चौधरी राष्ट्रीय लोक दल पार्टी ज्वाइन कर ली है. पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी की अध्यक्षता में ही उन्हें पार्टी में शामिल कराया गया है. हाल ही में केसी त्यागी ने जनता दल यूनाइटेड से इस्तीफा दिया था. उस समय उन्होंने JDU में संवाद की कमी और विस्तार का अभाव बताया था.राष्ट्रीय लोकदल पार्टी ज्वाइन करने के बाद केसी त्यागी ने कहा कि मैं दोनों सदनों का सदस्य रह चुका हूं, अब मैं एमपी/एमएलए बनने नहीं आया हूं. मैं जयंत चौधरी को चरण सिंह जैसा बनते देखने आया हूं. मैं चाहता हूं कि ऐसा दिन भी आए जब जयंत चौधरी के हाथों देश मे पीएम का मनोनयन हो. जैसा चौधरी चरण सिंह के हाथों मोरारजी का हुआ था.केसी त्यागी ने आगे कहा कि मुसलमानों की पार्टी भी राष्ट्रीय लोकदल ही है. आज़ाद भारत मे यूपी में जितने मुस्लिम सांसद चरण सिंह ने बनाये, किसी और ने नहीं बनाए हैं. मेरे बचे हुए समय और अनुभव जयंत को मजबूत करने में लगाऊंगा. उन्होंने साफ किया कि वे किसी भी पद के लिए आरएलडी में शामिल नहीं हुए हैं.

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर केसी त्यागी ने कहा कि मैं चाहता हूं कि 2027 आते -आते रालोद इतना आगे बढ़े की जयंत चौधरी तय करेंगे कि यूपी का मुख्यमंत्री कौन बनेगा. जेडीयू से इस्तीफा देने के बाद राष्ट्रीय लोकदल यानी आरएलडी ने केसी त्यागी को पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया था. इसी के बाद ऐसा माना जा रहा था कि त्यागी अब अपने राजनीतिक सफर को आरएलडी के साथ आगे बढ़ा सकते हैं.केसी त्यागी का पूरा नाम किशन चंद त्यागी है. वे मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं. उन्होंने 1970 के दशक में राजनीति में कदम रखा था. करीब 50 साल के राजनीतिक सफर में उन्होंने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई. वे साल 1989 में हापुड़ लोकसभा सीट से कांग्रेस के बुध प्रिया मौर्य को 33,254 वोटों से हराकर पहली बार सांसद बने थे. उन्हें नीतीश कुमार का करीबी माना जाता था.
