600 से ज्यादा पीएम को मिली हुई गिफ्टों का आज से होगी नीलामी,लाखों में लगेगी कीमत!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 600 से ज्यादा तोहफों की नीलामी मंगलवार को उनके जन्मदिन के मौके पर शुरू हो रही है। यह नीलामी महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक चलेगी। पैरालंपिक पदक विजेताओं के जूते और अन्य वस्तुओं से लेकर राम मंदिर की प्रतिकृति और चांदी की एक वीणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उन तोहफों और स्मृति चिह्नों में शामिल है, जिनकी नीलामी की जा रही है। संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को बताया कि नीलामी के लिए रखी जानी वाली इन वस्तुओं का कुल आधार मूल्य लगभग 1.5 करोड़ रुपये होगा।शेखावत ने दिल्ली में स्थित नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट में प्रधानमंत्री को मिले स्मृति चिह्न का प्रदर्शन करने वाली प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बाद में उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन उपहारों की नीलामी के लिए आधार मूल्य एक सरकारी समिति तय करती है और कीमतें न्यूनतम 600 रुपये से लेकर अधिकतम 8.26 लाख रुपये तक होती हैं। संस्कृति मंत्री ने कहा, ‘हमारे प्रधानमंत्री ने उन्हें मिलने वाले सभी तोहफों और स्मृति चिह्न की नीलामी की नयी संस्कृति शुरू की है। मुख्यमंत्री के तौर पर भी वह ऐसा करते थे।’मंत्री ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी को जो उपहार मिलते हैं, उन्हें नीलामी के माध्यम से लोगों को वापस दे दिया जाता है और नीलामी से अर्जित धन का इस्तेमाल एक नेक कार्य ‘गंगा की सफाई’ के लिए किया जाता है।’ शेखावत ने बताया कि छठी बार ऐसी नीलामी की जा रही है और इसके माध्यम से जुटाया गया फंड राष्ट्रीय गंगा कोष में दान किया जाएगा। इस बार प्रधानमंत्री मोदी को पिछले एक साल में तोहफे में मिली करीब 600 वस्तुएं नीलाम की जाएंगी। इन तोहफों को pmmementos.gov.in पर जाकर खरीदा जा सकता है।
