शिक्षक अभ्यर्थियों पर हुआ लाठीचार्ज,पटना में प्रदर्शन कर रहे थे अभ्यर्थी
राजधानी पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया गया. इस कार्रवाई में कई अभ्यर्थी घायल हो गए हैं. अभ्यर्थी TRE 4 के विज्ञापन में देरी को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने लाठी चलायी. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिहार लोक सेवा आयोग 13 लाख अभ्यर्थियों को गुमराह करने का काम कर रहा है.गौरतलब है कि बिहार में टीआरई-4 में 46, 882 पदों पर भर्ती होना है. माध्यमिक स्कूलों में 9,082, उच्च माध्यमिक में 16,774 प्राथमिक में 10, 778 और मध्य विद्यालय में 8, 583 समेत अन्य विभागों में बहाली होना है|

इसको लेकर 22 से 27 सितंबर तक परीक्षा होने की संभावना है. अभ्यर्थियों का आरोप है कि अभी तक आयोग के द्वारा विज्ञापन जारी नहीं किया गया।छात्रों का आरोप है कि नियमों में बदलाव से अभ्यर्थियों को नुकसान हो सकता है. प्रदर्शनकारी “TRE 4 विज्ञापन जारी करो” और “नियमावली वापस लो” जैसे नारे लगा रहे थे. जानकारी के अनुसार अभ्यर्थियों का विरोध मार्च आगे बढ़ते हुए बाकरगंज पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे. अभ्यर्थियों को आगे बढ़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में दिखा. जेपी गोलंबर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया ताकि प्रदर्शनकारियों को रोका जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।
