दिल्ली के सीएम पद से आज इस्तीफा देंगे केजरीवाल!विधायक दल के बैठक में होगा बड़ा फैसला
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज इस्तीफा दे सकते हैं। इससे पहले आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक दल की बैठक सुबह 11:30 बजे होनी है। इस बैठक में आम आदमी पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहेंगे। इस बैठक में ही दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा। इसके बाद केजरीवाल शाम साढ़े चार बजे तक उपराज्यपाल वी के सक्सेना से मुलाकात कर सकते हैं और इसी दौरान उनके इस्तीफा सौंपने की संभावना जताई जा रही है।

बता दें कि आबकारी नीति मामले में जमानत पर तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा था कि वह 48 घंटे के भीतर इस्तीफा दे देंगे और दिल्ली में जल्द चुनाव कराने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा था कि जब तक लोग उन्हें ‘‘ईमानदारी का प्रमाणपत्र’’ नहीं दे देते, तब तक वह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे। केजरीवाल ने कहा था कि वह कुछ दिनों में आप विधायकों की बैठक करेंगे और पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री बनेगा।
