शेयर बाजार में निवेशकों के डूबे 9 लाख करोड़,जंग ने खराब किया आज होली का रंग
मिडिल ईस्ट की जंग ने होली के रंगों को पूरी तरह से खराब कर दिया है. शेयर बाजार में होली के दिन बड़ी गिरावट देखने को मिली है. जिसकी वजह से शेयर बाजार निवेशकों को बाजार खुलते ही 9 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हो गया. वास्तव में 3 मार्च को होली की वजह से शेयर बाजार का अवकाश था. देश के अधिकतर इलाकों में होली 4 मार्च यानी बुधवार को सेलीब्रेट की जा रही है. लेकिन शेयर बाजार में गिरावट की वजह से इस सेलीब्रेशन को पूरी तरह से खराब किया. जहां सेंसेक्स में 1750 अंकों की गिरावट देखने को मिली वहीं दूसरी ओर निफ्टी 500 से ज्यादा अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है.ये लगातार तीसरा कारोबारी दिन है, जब शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. इन कारोबारी दिनों में शेयर बाजार निवेशकों को 20 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हो गया है।

वैसे एशियाई बाजारों में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. कोस्पी करीब 8 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ दिखाई दिया था. जबकि अमेरिकी शेयर बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुआ है. जिसका असर भारतीय शेयर बाजार में देखने को मिल रहा है.होली के दिन शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. आंकड़ों को देखें तो बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स कारोबारी सत्र के दौरान 1,795.65 अंकों की गिरावट के साथ 78,443.20 अंकों पर कारोबार करता हुआ दिखाई दिया. जबकि सोमवार को सेंसेक्स 80,238.85 अंकों पर बंद हुआ था. वैसे आज सुबह सेंसेक्स 78,528.82 अंकों पर ओपन हुआ था. जबकि 9 बजकर 37 मिनट पर सेंसेक्स 1676.19 अंकों की गिरावट के साथ 78,559.82 अंकों पर कारोबार कर रहा है. कुछ ही ऐसी ही स्थिति नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी में भी देखने को मिल रहा है. निफ्टी भी करीब 550 अंकों की गिरावट के साथ 24,315.45 अंकों के लोअर लेवल पर दिखाई दिया था. वैसे 9 बजकर 37 मिनट पर निफ्टी 515 अंकों की गिरावट के साथ 24,350.85 अंकों पर कारोबार कर रहा है. वैसे निफ्टी 24,388.80 अंकों पर ओपन हुआ था।
