राज्यसभा के लिए अब तक वोट देने नहीं पहुंचे महागठबंधन के 4 विधायक,NDA के सभी MLA ने किया मतदान
कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक वोट नहीं डाले हैं. राष्ट्रीय जनता दल के ढाका विधायक फैसल रहमान नहीं पहुंचे हैं. इसके अलावा कांग्रेस के बाल्मीकि नगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा और फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास के साथ मनिहारी के मनोहर प्रसाद भी वोट नहीं डाले हैं. राजद के एक विधायक और कांग्रेस के दो विधायकों का मोबाइल स्वीच ऑफ है.राज्यसभा चुनाव को लेकर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि NDA की पांचों सीटों पर जीत होगी. यह विचारधारा की लड़ाई है. एक तरफ दबाव की राजनीति है, एक तरफ वैचारिक लड़ाई है. दबाव वाली लड़ाई में जितना दबाव ले पाते हैं, लेते हैं और फिर नहीं ले पाते तो भाग जाते हैं.. तेजस्वी यादव को अपनी राजनीति और अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए.

राज्यसभा चुनाव पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने राज्यसभा चुनाव पर कहा कि NDA पूरी तरह एकजुट है. NDA के लोग सभी अपने पांचों उम्मीदवारों को जिताने के लिए संकल्पित हैं. लगभग सबने मतदान कर दिया है. हमारे पांचों उम्मीदवार जीतेंगे. बिहार में सबका सम्मान है.राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि मैं अपने सारे उम्मीदवारों को अग्रिम बधाई दे रहा हूं. ये गठबंधन NDA की बहुत प्रभावी और प्रमाणिक जीत हो रही है. कुछ लोग कांग्रेस को खोज रहे हैं. क्या कंग्रेस के नेता अपनी बिहार की पार्टी को खोजते हैं? यहां कांग्रेस का कोई विधायक नहीं है, कोई सदस्य नहीं है. जिस पार्टी का ये हाल हो तो क्या कहना?
