बांकीपुर सीट पर ‘कुत्ता-बिल्ली’ वाले अहंकार ने हराया?प्रशांत के आगे झुकी भाजपा!
बिहार की बांकीपुर सीट पर हुए उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अप्रत्याशित हार के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है. पहली बार चुनावी मैदान में उतरे प्रशांत किशोर ने जीत के बाद बीजेपी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि बीजेपी का यह राजनीतिक अहंकार है कि कुत्ता-बिल्ली को भी खड़ा कर देंगे तो जीत जाएंगे. वहीं पूर्व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पोस्ट कर साफ किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था.हाई प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में जीत के बाद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने टीवी9 के साथ खास बातचीत में कहा, “बांकीपुर की जनता अब निश्चिंत हो जाए. हम भ्रष्टाचार को जीरो कर देंगे.”

उन्होंने आगे कहा, “मेरे आचार-विचार से कभी शर्मिंदगी नहीं होगी. एक साल में मैं यहां की शिक्षा व्यवस्था सुधार दूंगा.”रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर जीत से काफी गदगद दिखे और उन्होंने बांकीपुर में जल्द ही बड़े स्तर पर सुधार करने का दावा भी किया. उन्होंने कहा, “बांकीपुर में एक साल में अंग्रेजी स्कूल में बच्चों को पढ़वाएंगे. हम बांकीपुर को स्मार्ट शहर बनाएंगे. बांकीपुर का ब्लूप्रिंट बनाकर देंगे कि कैसे यह शहर बेंगलुरु बन सकता है.”उन्होंने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बारे में कहा, “तेजस्वी यादव तो विपक्ष के नेता हैं. अब जनता ने मुझे जिम्मेदारी दी है तो वायदे निभाऊंगा.बांकीपुर सीट से बीजेपी की ऐतिहासिक हार की वजह का जिक्र करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “हार की कई वजहें हैं. पहला और अहम वजह तो सम्राट चौधरी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाना रहा. 7वीं फेल नेता जनता स्वीकार नहीं करती है. साथ ही बीजेपी का यह राजनीतिक अहंकार कि कुत्ता- बिल्ली को भी खड़ा कर देंगे तो वो भी जीत जाएंगे.”उन्होंने आगे कहा, “चुने हुए प्रतिनिधि ने टेकन फॉर ग्रांटेड ले लिया था. पीएम मोदी का चेहरा और हर जगह हिंदु और मुसलमान करना… इन सभी वजहों से इनके खिलाफ वोट पड़ा.”प्रशांत किशोर मैदान में नहीं होते तो क्या आरजेडी को वोट मिलता, सवाल के जवाब में प्रशांत किशोर ने कहा, “अगर प्रशांत किशोर मैदान में नहीं होता तो भी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को वोट नहीं मिलता. लोगों को प्रशांत किशोर के रूप में विकल्प दिखा. बांकीपुर में जन सुराज में 400 से अधिक बूथ पर जीत हासिल की है. ये तो सारे बूथ हार गए हैं.” उन्होंने आगे यह भी कहा कि मेरी आगे की कोई आकांक्षा नहीं है.प्रशांत किशोर ने जीत के बाद जिस कुत्ते-बिल्ली का जिक्र किया, उसके पीछे बीजेपी नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद का वो एक बयान है जिसे सोशल मीडिया पर गलत तरीके से प्रसारित किया गया. हालांकि खुद रविशंकर ने आज X पर अपना वायरल वीडियो पोस्ट कर कहा कि मेरे शब्दों को गलत तरीके से चलाया गया था.इस बयान का वीडियो क्लिप शेयर करते हुए बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, “बीजेपी कार्यकर्ताओं के सम्मान और समर्पण से चलने वाली पार्टी है. लेकिन दुर्भाग्य से विपक्ष द्वारा लगातार कई तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं. आज मैं आपके साथ यह तथ्य साझा करना चाहता हूं. जीत-हार लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन झूठ फैलाकर कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ना बहुत ही गलत बात है. सोशल मीडिया और कुछ मीडिया मेरे शब्दों को गलत तरीके से चला रहे हैं.”इससे पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कल सोमवार को बांकीपुर विधानसभा सीट पर ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए बीजेपी को हरा दिया. बीजेपी के लिए यह करारी हार था क्योंकि उसका इस सीट पर 1995 से ही कब्जा बना हुआ था.प्रशांत किशोर को चुनाव में कुल 64,151 वोट मिले और उन्होंने बीजेपी के प्रत्याशी नीरज कुमार को 19,324 वोटों से हराया. नीरज कुमार के खाते में 44,827 वोट आए जबकि RJD की प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 14,273 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहीं.
