असम में विकास को BJP ने बनाया मुद्दा,भड़की कांग्रेस!जानें असम विधानसभा का पूरा समीकरण
असम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमा गई है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टियां चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रही हैं. कांग्रेस असम में सत्तारूढ़ बीजेपी की हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार पर लगातार हमला बोल रही है और सिंडिकेट राज और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठा रही है. वहीं, बीजेपी बांग्लादेश से घुसपैठ, डेमोग्राफी परिवर्तन और असमिया अस्मिता को मुद्दा बना रही है.असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के पाकिस्तान से कथित लिंक को लेकर हमला बोल रहे हैं. इस तरह से चुनाव से पहले राज्य में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है.असम में चुनाव के मद्देनजर बीजेपी के आला नेता लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं और चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार असम का दौरा कर रहे हैं और शाह ने शुक्रवार को असम में चुनावी सभा को संबोधित किया और विकासमूलक योजनाओं का शिलान्यास किया.वहीं, कांग्रेस सांसद और असम प्रदेश कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन प्रियंका गांधी वाड्रा भी असम की दौरा पर हैं और उन्होंने हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार के खिलाफ 20-पॉइंट की चार्जशीट जारी की, जिसमें सिंडिकेट राज को इंस्टीट्यूशनलाइज़ करने का आरोप लगाया गया.अमित शाह ने कहा,”असम दो समस्याओं से घिरा हुआ था: घुसपैठिए असमियों के अधिकार छीन रहे थे. इन कांग्रेस सरकारों ने हमारी सीमाएं घुसपैठियों के लिए खुली छोड़ दी थीं. घुसपैठिए असम में घुसते रहे. असम के युवाओं की नौकरियां, गरीबों का अनाज और गांवों की जमीन छीनकर असम के डेमोग्राफिक्स को बदलने की कोशिश की गई.अमित शाह सरमा की सरकार की तारीफ करते हुए कहा, “दूसरे पांच सालों में, हमारे हिमंत बिस्वा सरमा ने घुसपैठियों के कब्जे वाली लाखों एकड़ ज़मीन को खाली कराने और उन्हें हटाने का काम किया. अब, तीसरी बार चुनाव आ रहे हैं. यहां एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनाएं.” उन्होंने कहा कि मैं आपसे वादा करता हूं कि हम कांग्रेस के राज में घुसे हर एक घुसपैठिए को वापस भेजेंगे।वहीं, कांग्रेस लगातार असम सरकार की बीजेपी सरकार पर हमला बोल रही है।

असम दौरे के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीजेपी की असम सरकार पर निशाना साधते हुए 20-पॉइंट की चार्जशीट जारी की, जिसमें सिंडिकेट राज को इंस्टीट्यूशनलाइज़ करने का आरोप लगाया गया.“असम की जनता की अदालत” में “चार्जशीट” के तौर पर पेश किए गए इस डॉक्यूमेंट में, राज्य सरकार पर “असम में सिंडिकेट राज को इंस्टीट्यूशनलाइज़ करने और काले धन से पैसे कमाने वाली पैरेलल इकॉनमी बनाने” में भूमिका का मुख्य आरोप लगाया गया था.वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने पाकिस्तान से कथित लिंक को लेकर गौरव गोगोई पर हमला करने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की आलोचना की और कहा कि उनके परिवार और बच्चों को इसमें घसीटना “गलत पॉलिटिक्स” है. उन्होंने रिपोर्टर्स से कहा, “आप देख रहे हैं कि कितना करप्शन हो रहा है. यह राज्य के लोगों के साथ धोखा है.असम विधानसभा में 126 सीटें हैं. 2021 के विधानसभा चुनाव के अनुसार भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी (NDA) ने 126 में से 75 सीटें जीतीं और सरकार बनाई और कांग्रेस ने 22 सीटें जीतीं. बाकी AIUDF, AGP के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की.वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में कुल 14 सीटों में से एनडीए ने 11 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस गठबंधन को तीन सीटेें मिली हैं और अब अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा में असम में सत्ता हासिल करने को लेकर घमासान मचा हुआ है।
