अगले IPL में होगी बिहार की टीम!उद्योगपति अनिल अग्रवाल की मदद करेंगे सम्राट चौधरी
बिहार मूल के जाने माने उद्योगपति और वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने क्रिकेट, आईपीएल और बिहार की टीम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “क्या आपको नहीं लगता कि चेन्नई सुपरकिंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की तरह बिहार की भी एक शानदार टीम होनी चाहिए?”उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी ने देश को कई बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी दिए हैं। पटना में जन्मे ईशान किशन ने सबसे कम गेंदों में वनडे दोहरा शतक लगाया। समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी सबसे कम उम्र में आईपीएल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने। वहीं गोपालगंज के साधारण परिवार से आने वाले साकिब हुसैन की शानदार गेंदबाजी पर आज पूरे देश की नजर है।अनिल अग्रवाल ने कहा कि उन्हें हमेशा यह बात खलती है कि बिहार को क्रिकेट में अब तक वह पहचान और सम्मान नहीं मिल पाया, जिसका वह हकदार है। उन्होंने लिखा कि मेरा हमेशा से सपना रहा है कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले। हमारे खिलाड़ियों को भी विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर सुविधाएं बिहार में ही मिलनी चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि अगर हमारे बच्चों को सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलें, तो बिहार की टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में शामिल हो सकती है।

मैं इस काम में बिहार के युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं। उद्योगपति ने आगे लिखा कि मैंने बिहार के खिलाड़ियों और युवाओं को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा देता हूं। मैं बिहार की क्रिकेट टीम और यहां के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए अपनी ओर से बिना शर्त पूरा समर्थन दूंगा। बिहार मेरे लिए सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि एक भावना है। अब समय आ गया है कि हमारी मिट्टी का प्रतिभा मैदान पर अपना दम दिखाए।इधर,उद्योगपति अनिल अग्रवाल की बातों पर सहमति जताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें जवाब दिया कि बिहार के क्रिकेट ‘इमोशन’ के लिए सरकार स्पष्ट ‘विजन’ के साथ ‘मिशन’ मोड में कार्यरत है। आपके सहयोग से निश्चित ही बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
