बांग्लादेश ने भारत से की बड़ी मांग,शेख हसीना को वापस भेजें इंडिया
बांग्लादेश में बीएनपी सरकार बनाने जा रही है और खालिदा जिया के लाल तारिक रहमान नए प्रधान मंत्री बनेंगे. इस बीच अपने सबसे नजदीकी पड़ोसी यानी भारत को लेकर बीएनपी ने रुख साफ करते हुए कहा है कि ‘बांग्लादेश और भारत के रिश्ते मजबूत होंगे’. सुबह पड़ोसी के साथ रिश्ते सुधारने की बात करते शाम को बीएनपी ने वही काम करना शुरू कर दिया है, जो यूनुस को ले डूबा. बीनपी ने बांग्लादेश के पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को लौटाने की मांग दोहराई है. एक बार फिर से बांग्लादेश सरकार ने वही पुरानी रट शुरू कर दी है.तारिक रहमान की पार्टी के वरिष्ठ नेता और स्थायी समिति के सदस्य सलाहुद्दीन अहमद ने कहा है कि ‘भारत को कानून का सम्मान करते हुए हसीना को ढाका वापस भेजना चाहिए ताकि उन पर बांग्लादेश में मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए मुकदमा चलाया जा सके’.सलाहुद्दीन अहमद आगे बोले कि ‘हमारी पार्टी औपचारिक रूप से भारत सरकार से उन्हें वापस भेजने का आग्रह करेगी. यह दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच का मामला है और हम इसे कानूनी रूप से आगे बढ़ाएंगे’.बता दें कि बांग्लादेश में नवंबर 2025 में ढाका के एक विशेष न्यायाधिकरण ने शेख हसीना को उनकी गैर-मौजूदगी में ‘मौत की सजा’ सुनाई थी, जिसके बाद से ही उनकी वापसी का दबाव भारत पर बढ़ता जा रहा है.बता दें कि प्रत्यर्पण की मांग ऐसे समय में आई है जब 12 फरवरी को शेख हसीना ने दिल्ली से एक बयान जारी कर बांग्लादेश के इन चुनावों को फर्जी करार दिया था और मांग उठाई थी कि इसे रद्द करके पूरी कानूनी प्रक्रिया से दोबारा शुरू किया जाना चाहिए.बता दें कि इससे पहले भी शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग उठ चुकी है, जिस पर जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जांच करने की बात करते हुए कहा था कि ‘हम बांग्लादेश के लोगों के सर्वोत्तम हितों के प्रति प्रतिबद्ध हैं, जिसमें शांति, लोकतंत्र, समावेश और स्थिरता शामिल हैं, और इस संबंध में सभी स्टेकहोलडर्स के साथ बातचीत जारी रखेंगे’.वहीं दूसरी तरफ तारिक रहमान देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने की तैयारी में है. इस जीत के बाद तारिक रहमान ने पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को नई तरीके से शरुआत करने पर जोर दिया. इस बीच बीएनपी के भीतर से तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाने की मांग हो रही है.बीएनपी के नेता एएनएम एहसानुल हक मिलन ने शनिवार (14 फरवरी 2026) को उम्मीद जताई है कि पीएम मोदी को आगामी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जाएगा. तारिक रहमान की ताजपोशी में साउथ एशिया के नेताओं को आमंत्रित करने के सवाल पर BNP नेता ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि दक्षिण एशिया के सभी नेताओं का आमंत्रित किया जाएगा. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाना चाहिए. यह सामान्य शिष्टाचार है. मुझे उम्मीद है कि पूरी दुनिया हमारे साथ होगी.’

बीएनपी के नेता एहसानुल हक ने विदेश नीति की तरफ इशारा करते हुए कहा, ‘सभी से दोस्ती, किसी से बैर नहीं.’ बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने बांग्लादेश में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कही. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की विदेश नीति उसके लोगों के हितों से तय होगी. भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग को लेकर उन्होंने कहा, ‘यह कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करता है.’बांग्लादेश चुनाव जीतने के बाद तारिक रहमान ने कहा, ‘हमारी सरकार अब पूरे देश में कानून और पक्की सुरक्षा व्यवस्था करेगी. उन्होंने सत्ता की जवाबदेही का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा, ‘देश में डायरेक्ट वोटिंग के जरिए लोगों के प्रति जवाबदेह संसद और सरकार फिर से बनाई जा रही है. यह पक्का करने के लिए कि कोई भी बुरी ताकत देश में तानाशाही फिर से न ला सके और यह पक्का करने के लिए कि देश गुलाम देश न बन जाए, हमें एकजुट रहना होगा और लोगों की इच्छा का सम्मान करना होगा.’
