टाइगर श्रॉफ पर हमला!फडणवीस सरकार पर घमासान
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की. इस मामले की जांच के लिये 15 टीम गठित की गई हैं. पुलिस ने बताया कि इस घटना में टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर और एक ऑटो चालक घायल हुए हैं. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है.बता दें कि घटना पश्चिमी उपनगर में जुहू पुलिस थाना क्षेत्र में पुष्पा पार्क के पास हुई.

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति अभिनेता की कार पर गोलीबारी करता दिखाई दे रहा है. अधिकारी ने बताया कि घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है. उन्होंने बताया कि सुराग जुटाने के लिए विशेष टीमें इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर रही हैं.इस बीच, विपक्ष ने आरोप लगाया कि गृह विभाग संभाल रहे सीएम देवेंद्र फडणवीस राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहे हैं. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने टाइगर श्रॉफ से जुड़े गोलीबारी के मामले के बाद महायुति सरकार पर राज्य में जंगलराज कायम करने का आरोप लगाया. उन्होंने बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सीएम फडणवीस से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की.कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या, अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हुई गोलीबारी और अभिनेताओं तथा फिल्म निर्माताओं को मिल रही धमकियों का जिक्र करते हुए असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर सवाल उठाए. कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने महाराष्ट्र के लिए अलग गृह मंत्री नियुक्त करने की मांग की और मौजूदा स्थिति के लिए फडणवीस को जिम्मेदार ठहराया.राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि यह घटना ठाणे में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता प्रदीप पूर्णेकर की हाल में हुई हत्या के कुछ दिन बाद सामने आई है. उन्होंने मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश की आर्थिक राजधानी में इस तरह की वारदातों से निवेशकों का भरोसा कमजोर हो सकता है. पवार ने कहा कि यदि स्थिति संभालना मुश्किल हो गया है, तो गृह विभाग की जिम्मेदारी किसी काबिल मंत्री को सौंप दी जानी चाहिए.एनसीपी (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में अपराधियों को कानून का डर नहीं है. उन्होंने सीएम फडणवीस से अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय कदम उठाने का आग्रह किया. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नेता सुषमा अंधारे ने कहा कि गोलीबारी की घटना उद्योगपतियों या अति विशिष्ट लोगों (वीआईपी) के लिए नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री फडणवीस के लिए चेतावनी थी कि बिश्नोई गिरोह बेखौफ होकर काम कर रहा है. उन्होंने सवाल किया, अगर सरकार में हिम्मत है, तो वह बिश्नोई गिरोह को कब खत्म करेगी?
