अनंत सिंह का दिखा शक्ति प्रदर्शन!समर्थकों ने दिखाई अपनी खुशी
बिहार की राजनीति में चर्चित बाहुबली विधायक अनंत सिंह बेउर जेल से बाहर निकल गए हैं. दरअसल दुलारचंद यादव हत्या मामले में जेल में बंद अनंत सिंह पटना हाईकोर्ट से बेल मिलने के बाद आज सोमवार को बेउर जेल से बाहर आ गए हैं. बेऊर जेल से बाहर आते ही उनका भव्य स्वागत किया गया. जैसे ही उनके रिहा होने की खबर फैली, बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता जेल गेट के बाहर इकट्ठा हो गए. बताया जा रहा है कि अनंत सिंह को लेने के लिए लैंड क्रूजर गाड़ी सीधे बेऊर जेल के अंदर तक गई थी. जेल से बाहर निकलते ही वह उसी लग्जरी गाड़ी में सवार होकर अपने आवास के लिए रवाना हुए. इस दौरान उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.अनंत सिंह ने जेल से निकलने के बाद कहा कि मैने समर्थकों से कहा था जल्दी बाहर आऊंगा और देखिये जल्दी आ गया. अनंत सिंह ने कहा कि कल बड़हिया जाकर माता का दर्शन करूंगा. मैं सभी समर्थकों का बहुत धन्यवाद देता हूं, जो मेरे साथ हमेशा जुड़े रहे.

आज भी बड़ी संख्या में मेरे समर्थक पहुंचे हैं उन सभी का बहुत बहुत धन्यवाद है.करीब चार महीने से जेल में बंद अनंत सिंह जैसे ही बेउर जेल के गेट के बाहर पहले से मौजूद समर्थक फूल-मालाएं लेकर इंतजार कर रहे थे. जैसे ही अनंत सिंह बाहर आए, कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और उनके समर्थन में जोरदार नारेबाजी की. पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. इस दौरान बेऊर जेल के बाहर सैकड़ों की संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटी रही. लोग अपने नेता की एक झलक पाने के लिए घंटों से खड़े थे. समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका स्वागत किया, जिससे माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया।
