29 अप्रैल को अखिलेश यादव आगरा में करेंगे अपनी चुनावी रैली,प्रियंका या राहुल गांधी भी हो सकते हैं शामिल

लोकसभा चुनाव में आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा के प्रत्याशियों के समर्थन में अखिलेश यादव 29 अप्रैल को आगरा आएंगे। यहां वह अपने लिए भाग्यशाली रहे जीआईसी मैदान में चुनावी रैली करेंगे। सोमवार अपराह्न 3 बजे होने वाली सपा की रैली में प्रियंका या राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं। सपा के लिए आगरा भाग्यशाली रहा है। साल 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना के बाद अगले ही साल 1993 में यहां राष्ट्रीय अधिवेशन किया, जिसके तुरंत बाद उनकी प्रदेश में सरकार बन गई।साल 2003 में सपा ने फिर से जीआईसी मैदान पर राष्ट्रीय अधिवेशन किया, जिसके बाद फिर सरकार बनी। साल 2009 में आगरा में बैठक के बाद लोकसभा चुनाव में सपा ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। साल 2012 के विधानसभा चुनाव से पहले फिर से तारघर मैदान पर अधिवेशन किया गया, जिसके बाद सपा की प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। कोठी मीना बाजार मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आगरा आएंगे। सपा शहर अध्यक्ष वाजिद निसार ने बताया कि 29 अप्रैल को दोपहर 3 बजे वह जीआईसी मैदान पर चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। उनके साथ सपा सांसद डिंपल यादव, राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन और इंडी गठबंधन के घटक कांग्रेस से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के आने की संभावनाएं हैं। कांग्रेस का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। यह रविवार तक स्पष्ट होने की उम्मीद है।