UP दारोगा भर्ती में पूछा गया विवादित सवाल,पंडित शब्द को लेकर भड़क उठे डिप्टी सीएम!
यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. सामान्य हिंदी विषय के प्रश्नपत्र के एक सवाल पर आपत्ति सामने आई है. इस सवाल में पूछा गया, “अवसर के अनुसार बदल जाने वाला” इस वाक्यांश के लिए एक शब्द का चयन कीजिए. इसके उत्तर में चार विकल्प में पहला विकल्प ‘सदाचारी’, दूसरा विकल्प ‘पंडित’, तीसरा विकल्प ‘अवसरवादी’ और चौथा विकल्प ‘निष्कपट’ दिया गया. ‘पंडित’ विकल्प दिए जाने को लेकर विवाद है. कहा जा रहा है कि अन्य विकल्प किसी गुण को प्रकट करते हैं, लेकिन पंडित किसी खास जाति के लोगों या वर्ग के लिए प्रयुक्त होता है. प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी प्रशांत पांडेय ने विकल्प में पंडित शब्द रखे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा है कि यह साफतौर पर प्रदर्शित कर रहा है कि किस तरह से समाज में ब्राह्मणों के प्रति विद्वेष फैलाया जा रहा है.

पांडेय ने आरोप लगाया है कि उनके समाज को टारगेट करने की कोशिश की जा रही है. ऐसा प्रश्न पत्र बनाने वाले के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, क्योंकि यह प्रश्न पत्र बनाने वाले एक्सपर्ट की मानसिकता को प्रदर्शित कर रहा है.यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के विवादित सवाल पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का ट्वीट भी सामने आया है. एसआई भर्ती परीक्षा में गलत संदर्भ में पंडित शब्द का प्रयोग करने पर कार्रवाई की मांग के बीच डिप्टी सीएम ने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न को लेकर जो विकल्प दिए गए उन पर हमें कड़ी आपत्ति है. सरकार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है. किसी भी प्रश्न से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. मैं स्पष्ट तौर पर कहना चाहता हूं कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए. इस पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं. संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उत्तर प्रदेश सरकार सभी समाजों के सम्मान, समानता और संवेदनशीलता के सिद्धांत पर काम करती है. प्रदेश के हर नागरिक की गरिमा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.’पुलिस भर्ती परीक्षा में अवसरवादी वाले सवाल में ‘पंडित’ का विकल्प दिए जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता मनीष हिंदवी ने कहा है कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक जाती को गाली दी जा रही है. हिंदू महासभा दरोगा भर्ती परीक्षा में ब्राह्मणों के अपमान पर एफआईआर दर्ज कराएगी. अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने पूछा कि प्रदेश में ब्राह्मणों के खिलाफ नफरत आखिर क्यों फैलाई जा रही है? कौन जिम्मेदार है. इस एग्जाम को कराने वालो को बख्शा नहीं जाएगा. यह पूरी तरह से योगी सरकार को बदनाम करने की साजिश है.यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती के लिए कल दोनों पालियों की लिखित परीक्षा संपन्न हो गई है। पहली पाली में 393940 अभ्यर्थियों में से 263838 अभ्यर्थी ही लिखित परीक्षा में शामिल हुए. दूसरी पाली में 393941 अभ्यर्थियों में से 267927 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा में हिस्सा लिया. आज दोनों पालियों में मिलाकर कुल 787881 में से 531765 (68 प्रतिशत) अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी. पेपर आउट कराने का झांसा देने वाले पांच टेलीग्राम चैनल पर एफआईआर दर्ज कराई गई है. X यूजर @isinghniharika ने पुलिस भर्ती बोर्ड के ट्वीट पर “लखनऊ में चेक कीजिए ठीक से पेपर लीक हो रहा है. बलिया, बनारस सेंटर पर भी पेपर आउट हो रहा है” लिखा था, इस पर भी एफआईआर दर्ज कराई गई. यूट्यूब चैनल @VIRATVISIONK के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई. कल भी दो पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित होगी।
