शादी-तलाक के नियम होंगे एक?UCC का बड़ा प्लान!
हरियाणा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं. हरियाणा राज्य विधि आयोग ने प्रस्तावित यूसीसी से जुड़ी अपनी विस्तृत ड्राफ्ट रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी है. आयोग के अध्यक्ष जस्टिस एच.एस. भल्ला द्वारा सौंपी गई इस रिपोर्ट में सभी धर्मों के नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और गोद लेने के एक समान नियम बनाने की सिफारिश की गई है.ड्राफ्ट के मुख्य प्रावधानों में बहुविवाह पर पूर्ण प्रतिबंध, विवाह के 60 दिनों के भीतर अनिवार्य पंजीकरण और लिव-इन रिलेशनशिप का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य करना शामिल है. प्रस्ताव के मुताबिक, बिना पंजीकरण एक महीने से अधिक समय तक लिव-इन में रहने पर तीन महीने की कैद या 10 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान रखा गया है, साथ ही 21 वर्ष से कम आयु के जोड़ों के अभिभावकों को इसकी सूचना देना भी अनिवार्य होगा.हरियाणा राज्य विधि आयोग के अध्यक्ष जस्टिस एच.एस. भल्ला ने प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (UCC) का विस्तृत ड्राफ्ट राज्य सरकार को सौंप दिया है. इस मसौदे को अंतिम रूप देने और लागू करने से पहले सरकार एडवोकेट जनरल और विधि परामर्शी (लीगल रिमेंब्रेंसर) से कानूनी राय लेगी. ड्राफ्ट में सभी धर्मों के नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, भरण-पोषण और उत्तराधिकार के एक समान नियम प्रस्तावित किए गए हैं. बहुविवाह पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और शादी के 60 दिनों के भीतर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा.

पुरानी अपंजीकृत शादियों के लिए एक साल की समय-सीमा तय की गई है.संपत्ति के बंटवारे में बेटियों को समान अधिकार देने और बच्चों को गोद लेने के लिए सभी धर्मों में एक समान कानूनी ढांचा लागू होगा. सभी धर्मों के लोग अपनी-अपनी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं (जैसे सप्तपदी, निकाह, आनंद कारज या चर्च विवाह) के अनुसार शादी करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र रहेंगे. धार्मिक रीति से विवाह संपन्न होने के बाद हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित सभी समुदायों के लिए 60 दिनों के भीतर सरकारी रिकॉर्ड में विवाह पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा. किसी भी धर्म के पर्सनल लॉ की परवाह किए बिना विवाह के लिए लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और लड़की की 18 वर्ष अनिवार्य होगी.सभी धर्मों में एक समय में केवल एक ही जीवित जीवनसाथी रखने का नियम लागू होगा. विशेष रूप से मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत मिलने वाली एक से अधिक विवाह की छूट समाप्त हो जाएगी. तलाक के बाद किसी महिला को अपने पूर्व पति से दोबारा शादी करने के लिए किसी तीसरे व्यक्ति से निकाह करने (हलाला) या अन्य शर्तों की बाध्यता खत्म कर दी गई है. तलाकशुदा जोड़े सीधे आपस में पुनर्विवाह कर सकेंगे.हरियाणा के यूसीसी (UCC) ड्राफ्ट में किसी धर्म विशेष के लिए अलग नियम बनाने के बजाय हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी धर्मों के निजी कानूनों (पर्सनल लॉ) को समाप्त कर एक समान नागरिक कानून लागू करने का प्रस्ताव है, हालांकि धार्मिक रीति-रिवाजों से विवाह करने की स्वतंत्रता बरकरार रखी गई है. सभी धर्मों में तलाक केवल अदालत के माध्यम से और समान आधारों (क्रूरता, व्यभिचार, परित्याग आदि) पर ही लिया जा सकेगा. एकतरफा या मौखिक तलाक की कोई कानूनी मान्यता नहीं होगी.लिव-इन में रहने वाले जोड़ों के लिए सब-रजिस्ट्रार या रजिस्ट्रार के पास अपना विवरण दर्ज कराना अनिवार्य होगा, जिसकी एक प्रति स्थानीय थाने को भेजी जाएगी. यदि कोई पार्टनर 21 वर्ष से कम आयु का है, तो उसके माता-पिता या अभिभावकों को इसकी सूचना दी जाएगी. बिना पंजीकरण कराए एक महीने से अधिक समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने पर तीन महीने तक की कैद या 10,000 रुपये तक के जुर्माने (या दोनों) का प्रावधान रखा गया है. वहीं, धोखाधड़ी या दबाव बनाकर सहमति लेने पर पांच साल तक की सजा हो सकती है. प्रस्तावित ड्राफ्ट में प्रदेश की अनुसूचित जनजातियों को इस कानून के दायरे से बाहर रखने की सिफारिश की गई है.कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने भी इस कदम का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा है कि संविधान की नजर में सभी नागरिक बराबर हैं और पूरे प्रदेश में एक समान कानून लागू होना चाहिए. अब राज्य सरकार इस ड्राफ्ट को कानूनी रूप देने से पहले एडवोकेट जनरल और विधि परामर्शी (लीगल रिमेंब्रेंसर) की राय लेगी. अनिल विज ने कहा कि संविधान और कानून के लिए सभी लोग एक समान है और एक समान कानून होना भी चाहिए. उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार जब भी यूनिवर्सल सिविल कोड लाएगी तो मैं इसका पुरजोर समर्थन करूंगा. सरकार के लिए देश के सभी नागरिक एक समान होने चाहिए, जोकि संविधान की मूल भावना में भी है. उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सरकार और नागरिक का रिश्ता है और इसमें कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए.हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने प्रस्तावित समान नागरिक संहिता का समर्थन करते हुए इसे बीजेपी की ‘निर्णायक और मजबूत नेतृत्व’ क्षमता का परिणाम बताया है. श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक मील के पत्थर तय किए गए हैं, जो केवल एक निर्णायक और मजबूत नेतृत्व ही कर सकता है. उन्होंने इसकी तुलना अनुच्छेद 370 हटाने और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को मजबूत करने जैसे बड़े फैसलों से करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान हर स्तर पर बढ़ा है.यूसीसी को एक नागरिक-एक कानून की दिशा में आगे का कदम बताते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि बीजेपी सरकार देशहित में यूनिफिकेशन और प्रशासनिक मजबूती के ऐसे सभी कदमों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाएगी.हालांकि इस मुद्दे को लेकर हरियाणा की विपक्षी पार्टियों ने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है और साथ ही यूसीसी ड्राफ्ट को पब्लिक करने की सिफारिश भी की है. इस पूरे मामले को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल के सीनियर नेता और पूर्व मंत्री संपत सिंह ने हरियाणा सरकार से यूसीसी के ड्राफ्ट को सार्वजनिक करने की मांग की है और कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वो हर बात की तरह इस बार भी इतने गंभीर मुद्दे को लेकर सरकार के पक्ष में हां में हां ना मिलाएं और ये ड्राफ्ट सार्वजनिक करने के बाद इस पर चर्चा हो तभी इस पर सरकार और विपक्ष आगे बढ़ें.
