शीतलहर और कोहरे का डबल अटैक,कई राज्यों में मौसम की चेतावनी!
दिल्ली-NCR से यूपी बिहार तक ठंड का असर अब बढ़ना शुरू हो गया है. पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी राज्यों में शीतलहर शुरू हो गई है. राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब समेत 13 राज्यों में आज कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली में आज सीजन की सबसे ठंडी सुबह हुई है, यहां तापमान 9 डिग्री तक चला गया है. देश में शुक्रवार के दिन तीन तरह का मौसम दिख रहा है. एक तरफ दक्षिण भारत में भारी बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं का अलर्ट है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में घने कोहरे और ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज के लिए भारी बारिश, शीतलहर और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है.दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर बढ़ना शुरू हो गया है.

आज दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह हुई है. सुबह 6 बजे के वक्त तापमान 9 डिग्री था. हालांकि दिन में धूप से हल्की राहत मिलेगी, लेकिन सूरज ढलते ही ठिठुरन बढ़ने की संभावना है. वहीं दिल्ली में आज सुबह के वक्त AQI-239 रिकॉर्ड किया गया है, जो बेहद खराब श्रेणी में आ रहा है. हालांकि पिछले कुछ दिनों की तुलना में AQI में मामूली सुधार हुआ है, जब यह ‘गंभीर’ श्रेणी में था. एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में AQI ‘ऑरेंज जोन यानि खराब स्थिति में है. दिल्ली में ठंड का असर भी बढ़ना शुरू हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है।राजस्थान शीतलहर की चपेट में दिख रहा है. उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में फिलहाल भीषण ठंड की शुरुआत राजस्थान में हो चुकी है. राजस्थान में ठंड ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया है. सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम है. IMD ने पूर्वी राजस्थान में 26 से 28 नवंबर तक शीतलहर की चेतावनी दी है. शेखावाटी रीजन के जिले सीकर, चूरू, झुंझुनू में रात का पारा 4 से 6 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. अजमेर और कोटा संभाग में न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री के बीच रह सकता है. माउंट आबू में पारा 3 डिग्री तक पहुंच गया है. अगले 10 दिनों तक राजस्थान में बारिश की कोई संभावना नहीं है मौसम शुष्क रहेगा, मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में ठंड का असर बढ़ता जाएगा.उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है. IMD ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. कोहरे की वजह से सुबह के समय सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है. IMD ने लोगों को कोहरे में वाहन धीरे चलाने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर बर्फबारी जितनी ज्यादा होगी, मैदानी राज्यों में ठंडी हवाओं का असर उतना ज्यादा बढ़ता जाएगा. जिससे ठंड तेज होनी शुरू होगी.पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, कश्मीर के पहलगाम में 3.6 डिग्री, श्रीनगर में 1.9 डिग्री और गुलमर्ग में 0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. हिमाचल के लाहौल-स्पीति और चंबा में भी ठंड बढ़ गई है, चंबा की मणिमहेश झील पर 4-5 इंच मोटी बर्फ की परत जम गई है. उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह और रात में ठंड का असर ज्यादा रहेगा. शिमला में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और मनाली में 3 डिग्री तक पहुंच सकता है.मौसम विभाग ने शुक्रवार के दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक 27 नवंबर को केरल-माहे और तमिलनाडु-पुडुचेरी-कराईकल में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. गुरुवार के दिन भी इन इलाकों में अच्छी बारिश हुई है. केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।IMD के आज के बुलेटिन के मुताबिक पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक सप्ताह तक कोई खास मौसम नहीं रहेगा. उत्तर भारत में 2-3 दिसंबर तक कोहरा बना रह सकता है, जबकि दक्षिण भारत में 30 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. दिसंबर की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत में ठंड और बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक और गिर सकता है।
