सोनिया गांधी की जिंदगी पर बनेगी फिल्म!कौन निभाएगा उनका किरदार?

 सोनिया गांधी की जिंदगी पर बनेगी फिल्म!कौन निभाएगा उनका किरदार?
Sharing Is Caring:

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष टी. जग्गा रेड्डी ने एक बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ पर आधारित एक तेलुगु बायोपिक बनाने की घोषणा की. संगारेड्डी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए जग्गा रेड्डी ने कहा कि संगारेड्डी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मिलकर इस फिल्म को बनाएंगे.उन्होंने फिल्म के निर्माण की जिम्मेदारी संभालने के लिए 50 सदस्यों की एक कमेटी बनाने का सुझाव दिया. फिल्म से जुड़ी तैयारियों की देखरेख गांधी भवन के PRO हरि प्रसाद करेंगे. संगारेड्डी कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र संयोजक जुलकांति अंजनयुलु ने फिल्म बनाने के लिए 2 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया.जग्गा रेड्डी ने कहा, ‘पार्टी नेता और कार्यकर्ता चुनाव के दौरान पैसे खर्च करते हैं, है ना? उन्हें इस प्रोजेक्ट को भी उसी भावना से देखना चाहिए और योगदान देने के लिए आगे आना चाहिए. आइए, हम जरूरी बजट जुटाएं और फिल्म के लिए एक अच्छा डायरेक्टर खोजें.

1000898807

इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए हमें 50 सदस्यों की एक समिति बनानी चाहिए. एक बार तैयारियां पूरी हो जाने पर हम मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और TPCC अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को शूटिंग की शुरुआत करने के लिए आमंत्रित करेंगे.’प्रस्तावित फिल्म में सोनिया गांधी की जिंदगी के अलग-अलग दौर दिखाए जाएंगे. इसमें उनके परिवार, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से शादी, राजनीतिक सफर और कांग्रेस पार्टी में उनकी भूमिका को शामिल किया जाएगा. फिल्म में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद परिवार पर आए दुखों को भी दिखाया जाएगा. इसके अलावा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की परवरिश के दौरान आई चुनौतियों और सोनिया गांधी के एक्टिव पॉलिटिक्स में एंट्री की कहानी भी दिखाई जाएगी.जग्गा रेड्डी ने कहा कि सोनिया गांधी ने देश की राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में एक खास जगह बनाई है. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उनकी किताब की कॉपियां बांटने का भी सुझाव दिया, ताकि वे उनके जीवन और राजनीतिक सफर को समझ सकें. उन्होंने कहा, ‘जब कांग्रेस के नेतृत्व वाली UPA सत्ता में आई, तब उनके पास प्रधानमंत्री बनने का मौका था, लेकिन उन्होंने इस पद के लिए डॉ. मनमोहन सिंह को चुना. प्रधानमंत्री बनने का मौका ठुकराने का उनका फैसला भारतीय राजनीतिक इतिहास का एक अहम अध्याय बना रहेगा. ऐसा कभी नहीं लगा कि वह शीर्ष पद पाने की महत्वाकांक्षा रखती थीं. उनके राजनीतिक सफर और उनके ओर से लिए गए फैसलों को इस फिल्म के जरिए लोगों के सामने लाया जाना चाहिए.’जग्गा रेड्डी ने ‘महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना’ (MGNREGS) की शुरुआत का श्रेय सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी की दूरदृष्टि को दिया. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म तेलुगु भाषी दर्शकों के एक बड़े वर्ग के सामने सोनिया गांधी के योगदान और उनकी राजनीतिक विरासत को पेश करेगी.

Comments
Sharing Is Caring:

Related post