वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग पर फिदा हुए सहवाग,बोले-लंबा करियर बनाने पर ध्यान देना चाहिए
भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग को वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग में अपने मशहूर निडर अंदाज की झलक दिखती है. उनका कहना है कि यह युवा खिलाड़ी अभी अपने बेहतरीन दौर में है और उसे लंबा इंटरनेशनल करियर बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा मौके मिलने चाहिए. 15 साल के इस खिलाड़ी ने T20I में पहले ही अपनी छाप छोड़ी है. उन्होंने आठ मैचों में 186 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 246 रन बनाए हैं. सहवाग, जिन्होंने अपने करियर में 17,253 इंटरनेशनल रन बनाए, का मानना है कि सूर्यवंशी की अटैकिंग सोच क्रीज पर उनके अपने खेलने के अंदाज जैसी ही है.सहवाग ने शनिवार को PHD चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सालाना सेशन में बातचीत के दौरान कहा, ‘सूर्यवंशी अभी अपने बेहतरीन दौर में हैं और उनकी सोच कुछ हद तक मेरी जैसी ही है- यानी पहली ही गेंद से हिट करना. अब बात यह है कि उन्हें कब मौका मिलता है और वह भारत के लिए कितने मैच खेलते हैं.’भारत के पूर्व ओपनर ने सूर्यवंशी की उम्र को लेकर जताई जा रही चिंताओं को भी खारिज कर दिया. उन्होंने तर्क दिया कि जब कोई खिलाड़ी सबसे ऊंचे लेवल पर पहुंच जाता है, तो उसकी जगह परफॉर्मेंस के आधार पर तय होनी चाहिए. ‘देखिए, अगर आप किसी एज-कैटेगरी (उम्र-वर्ग) में खेल रहे हैं, तो बात समझ में आती है- अगर यह अंडर-19 है, तो आपकी उम्र 19 से कम होनी चाहिए.

लेकिन एक बार जब आप IPL या भारत के लिए खेलते हैं, तो उम्र मायने नहीं रखती.सहवाग ने कहा कि, 38 या 40 साल के विराट कोहली खेल रहे हैं, और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी भी खेल रहे हैं.’ फिर, परफॉर्मेंस मायने रखती है.’ सीनियर टीम में शामिल होने के बाद से सूर्यवंशी भारत के 18 T20I मैचों में से आठ में खेले हैं, जबकि ओपनिंग स्लॉट के लिए मुकाबला कड़ा बना हुआ है. हाल के मैचों में अनुभवी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा भारत की पसंदीदा ओपनिंग जोड़ी रहे हैं।2011 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य सहवाग ने वनडे में अपने करियर का दूसरा दोहरा शतक लगाने के लिए भारत के कप्तान शुभमन गिल की भी तारीफ की. गिल ने 30 सितंबर को गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 133 गेंदों पर 223 रन बनाए थे. उन्होंने कहा कि, ‘आजकल कई खिलाड़ी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. उनमें से एक शुभमन गिल हैं, जो बहुत अच्छा खेल रहे हैं. वह भारत की टेस्ट और वनडे टीमों के कप्तान भी हैं.’ उन्होंने इंग्लैंड में 700 से ज़्यादा रन बनाकर सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ा और हाल ही में वनडे में अपना दूसरा दोहरा शतक लगाया. उन्होंने कहा, ‘यह आसान नहीं है.सहवाग के मुताबिक, अगर गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो इससे भारत को दक्षिण अफ्रीका में 2027 का वनडे वर्ल्ड कप जीतने में मदद मिल सकती है. उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, ‘हमारे तेज गेंदबाजों में बुमराह हैं, जो हमारे सबसे अच्छे गेंदबाज हैं. अगर वर्ल्ड कप में हमारा बॉलिंग अटैक मजबूत रहता है, तो हम बहुत आसानी से इसे जीत सकते हैं।वहीं दूसरी तरफ रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए गोवा क्रिकेट एसोसिएशन ने 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. इस टीम में महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को जगह नहीं मिली है. 2022-23 सीजन से गोवा के लिए घरेलू क्रिकेट खेल रहे अर्जुन के चयन न होने से कई सवालिया निशान खड़े होते हैं. हालांकि, गोवा क्रिकेट एसोसिएशन ने अब तक उनके बाहर रहने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है.टीम की कमान अभिनव तेजराना को सौंपी गई है, जबकि सुयश प्रभुदेसाई और ललित यादव जैसे खिलाड़ी भी स्क्वॉड का हिस्सा हैं. अर्जुन ने गोवा के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 50 विकेट का आंकड़ा भी छुआ है, लेकिन इसके बावजूद वह इस बार रणजी ट्रॉफी टीम में जगह बनाने में सफल नहीं हो सके. इससे पहले वह गोवा की ओर से रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में खेल चुके हैं. ऐसे में अब नजरें इस बात पर होंगी कि अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में वापसी कब करते हैं।
