आंधी-बारिश के साथ होगी ओलावृष्टि,बिहार समेत कई राज्यों के लिए मौसम विभाग ने जारी की अलर्ट
अप्रैल की शुरूआत के साथ ही पूरे देश में मौसम ने अचानक करवट ली है। यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड, पंजाब समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। किसानों की खड़ी फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। अनुमान लगाया जा रहा था कि 6 अप्रैल से आंधी-बारिश का दौर थम जाएगी लेकिन भारत मौसम विभाग ने नया अलर्ट जारी किया है।IMD के अनुसार, इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ एक साथ सक्रिय होंगे, जिनका असर 7 और 8 अप्रैल को सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इस दौरान 12 राज्यों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से लगातार छिटपुट बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है राजधानी में आज भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। जबकि 7 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके लग सकते हैं। वहीं 8 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से आंधी-बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। कानपुर, लखनऊ, उन्नाव समेत कई जिलों में ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। अब दो पश्चिमी विक्षोभों के एक साथ सक्रिय होने के कारण मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा।

IMD के अनुसार, 7 और 8 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश, 8-9 अप्रैल को पूर्वी यूपी में बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बिहार में भी साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने बिहार में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के पटना, राजगीर, पूसा, भोजपुर, बक्सर, सुपौल, औरंगाबाद, अरवल सरैया समेत समेत कई जिलों में आज से तीन दिनों यानी 8 अप्रैल को ओले गिरने की संभावना है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने आज राज्य में हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है। IMD ने 72 घंटे तक तेज हवाओं के साथ बारिश-गरज की संभावना जताई है। इस दौरान गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।राजस्थान के कई हिस्सों पिछले दो दिनों से हुई बारिश-ओलावृष्टि से किसानों का काफी नुकसान हुआ है। राज्य में IMD ने अब आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 7 अप्रैल को तेज हवाएं चल सकती हैं और पश्चिमी व पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है।
