बिहार में पड़ेगी आफत बरसाने वाली ठंड,इन राज्यों में बारिश को लेकर भी आया अलर्ट

 बिहार में पड़ेगी आफत बरसाने वाली ठंड,इन राज्यों में बारिश को लेकर भी आया अलर्ट
Sharing Is Caring:

उत्तर भारत में सर्दी जोर पकड़ती जा रही है। बिहार में भी कड़ाके की ठंड का सिलसिला जारी है। आने वाले दिनों में भी बिहार वालों को राहत मिलने के आसार नहीं है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने राज्य में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। राज्य के अधिकतर जिलों में कम तापमान के साथ मध्यम से तेज गति से हवा चलने के कारण ठिठुरन बनी रहेगी।बीएमएसके के आंकड़ों के मुताबिक, गया जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सबसे कम तापमानों में से एक है। राजधानी पटना में पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जबकि भागलपुर जिले के सबौर क्षेत्र में 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है। ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में न्यूनतम तापमान अगले 2 दिनों में चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे शीतलहर की तीव्रता और बढ़ने की आशंका है।तापमान में गिरावट के साथ-साथ घने कोहरे की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। पटना, दरभंगा, बेगूसराय और आसपास के कई जिलों में दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़क और रेल परिवहन प्रभावित हुआ है।

यात्रियों को देरी, ट्रेनें रद्द होने और हादसों की आशंका के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज कोहरे की स्थिति और खराब हो सकती है, जबकि शीतलहर कम से कम 14 जनवरी तक रहने की संभावना है।उत्तर भारत में इस वक्त ठंड का भीषण प्रकोप दिखाई दे रहा है। दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में ठिठुरन वाली शीत लहर की स्थिति है और लोगों को अलाव जलाना का सहारा लेना पड़ रहा है। इस भीषण ठंड में कई राज्यों में स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है। राजधानी दिल्ली में ठंड के साथ ही हवाओं का प्रकोप झेलना पड़ सकता है। पहाड़ी राज्यों में भी लोगों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।यूपी में भी ठंड की वजह से लोगों का हाल बेहाल है। यहां कई इलाकों में तेज हवाओं की वजह से ठंड में कोई कमी नहीं दर्ज की गई है। हालांकि दिन में धूप निकलने की वजह से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में शीत और अधिक कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन ठंड से राहत भी नहीं मिलने वाली है। वहीं मौसम विभाग ने अगले सप्ताह से प्रदेश भर में फिर से शीतलहर की आशंका जताई है।पहाड़ी राज्यों की बात करें तो यहां भी ठंड काफी ज्यादा पड़ रही है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में अगले 4-5 दिनों तक घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। ठंड की वजह से यहां लोग दिन में भी बाहर निकलने से बच रहे हैं। कश्मीर में भी कुछ इसी तरह के हालात हैं। यहां कई इलाकों में तापमान माइनस में चल रहा है। वहीं कई इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल रही है। कश्मीर में लोगों को अनावश्यक बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है।एक तरफ जहां उत्तर भारत में ठंड से आमजन परेशान हैं तो वहीं दक्षिण भारत के अधिकतर राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसमें तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में बंगाल की खाड़ी में गहरा अवदाब के कारण बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां कई जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। इसके अलावा समुद्री मछुवारों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में लगातार ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं।

Comments
Sharing Is Caring:

Related post