पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत भोजपुरी भाषा में की,खूब बजी तालियां

बिहार में आगामी कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में बिहार में चुनावी मैदान तैयार हो चुका है। इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी बिहार पहुंचे हैं और काराकाटा में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। बता दें कि पीएम मोदी ने इस दौरान कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया और उद्घाटन किया। ऐसे में चलिए बताते हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी जनसभा में क्या कहा है।पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत भोजपुरी भाषा में जनता को प्रणाम करने से की। उन्होंने कहा कि बिहार क मेहनती जनता के हमार प्रणाम। पीएम मोदी ने कहा कि आज मुझे इस पवित्र भूमि पर बिहार के विकास को नई गति देने का सौभाग्य मिला है। यहां करीब करीब 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। बड़ी संख्या में आप सब हमें आशीर्वाद देने आए हैं।

आपका ये स्नेह, बिहार का ये प्यार, मैं हमेशा सर आंखों पर रखता हूं। आज बिहार में इतनी बड़ी तादाद में माताओं और बहनों का आना यह अपने आप में बिहार के मेरे इतनी कार्यक्रमों की ये सबसे बड़ी शानदार घटना है। मैं माताओं-बहनों को विशेष प्रणाम करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि सासाराम की इस धरती के नाम में भी राम है। सासाराम के लोग जानते हैं भगवान राम और उनके कुल की रीति क्या थी। प्राण जाए पर वचन ना जाई। यानि जो वचन एक बार दे दिया, वो पूरा होकर के ही रहता है। प्रभु श्रीराम की ये रीति अब नए भारत की नीति बन गई है। अभी पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। हमारे कितने निर्दोष नागरिक मारे गए। इस जघन्य आतंकी हमले के बाद एक दिन के बाद मैं बिहार आया था। मैंने बिहार की धरती से देश को वादा किया था, वचन दिया था बिहार की धरती पर आंख में आंख मिलाकर हमने कह दिया था कि आतंक के आकाओं के ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा।