गर्मी का चढ़ने लगा पारा,महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के लिए जारी हुआ हिटवेव का अलर्ट!

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और आसपास के जिलों में फरवरी महीने के आखिरी में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 25 और 26 फरवरी को मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि अगले दो दिनों में तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान दोपहर के समय गर्मी का असर ज्यादा रहेगा और लू चलने की आशंका है। हीटवेव की स्थिति तब बनती है जब तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक हो जाता है।कोकण क्षेत्र में गर्मी के साथ उमस भी बढ़ेगी, जिससे लोगों को और ज्यादा परेशानी हो सकती है। जबकि रत्नागिरी और अलीबाग जैसे समुद्री इलाकों में भी तापमान बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर दोपहर के बीच धूप में जाने से बचने को कहा गया है। जरूरी होने पर बाहर निकलते समय छाता, टोपी या कपड़े से सिर ढकने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। गर्मी का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ सकता है। डॉक्टरों ने ज्यादा पानी पीने, ताजे फल और जूस का सेवन करने और धूप में ज्यादा देर रहने से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से ज्यादा बना रह सकता है, इसलिए सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।