सभापति सी पी राधाकृष्णन की मौजूदगी में 19 नए सदस्यों ने ली शपथ,व्हीलचेयर पर पहुंचे शरद पवार
राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन की मौजूदगी में 19 नए सदस्यों ने शपथ ली। महाराष्ट्र से बीजेपी की नेता माया चिंतामण ने सबसे पहले शपथ ली।राज्यसभा में सोमवार को 19 नए सदस्यों ने पद की शपथ ली। राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन की मौजूदगी में नए सदस्यों ने शपथ ली। इस दौरान राज्यसभा कक्ष में उप सभापति हरिवंश और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू मौजूद थे। सदन में विभिन्न दलों के नेता भी उपस्थित रहे।महाराष्ट्र से बीजेपी की नेता माया चिंतामण ने सबसे पहले शपथ ली। उनके बाद शरद पवार व्हीलचेयर पर शपथ ग्रहण के लिए पहुंचे। राज्यसभा में महाराष्ट्र के अन्य सदस्यों में शपथ लेने वालों में रामराव सखाराम वाडकुटे (बीजेपी), ज्योति नागनाथ वाघमारे (शिवसेना) और रामदास अठावले (आरपीआई-ए) थे।

ओडिशा से राज्यसभा सदस्य के तौर पर मनमोहन सामल (बीजेपी), सनरुप्त मिश्रा (बीजू जनता दल) और दिलीप कुमार राय (निर्दलीय) ने शपथ ली, जबकि तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व करते हुए कॉन्स्टैंटाइन रविंद्रन (द्रमुक), क्रिस्टोफर मणिकम (कांग्रेस), एल. के. सुधीश (डीएमडीके), एम. थंबीदुरई (अन्नाद्रमुक), तिरुचि शिवा (द्रमुक) और अंबुमणि रामदास (पीएमके) ने शपथ ली। पश्चिम बंगाल से बाबुल सुप्रिया बराल (तृणमूल कांग्रेस), बिस्वजीत सिन्हा (बीजेपी), मेनका गुरुस्वामी (तृणमूल कांग्रेस), राजीव कुमार (तृणमूल कांग्रेस) और रुक्मिणी मलिक (तृणमूल कांग्रेस) ने शपथ ली। अधिकतर सदस्यों ने अपनी-अपनी क्षेत्रीय भाषाओं में शपथ ली। अध्यक्ष राधाकृष्णन ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी।
