निशांत को मुख्यमंत्री बनाएंगे स्पेशल 14 विधायक!जेडीयू का प्लान हुआ तैयार
एक बात साफ है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं और बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर कुर्सी छोड़ेंगे. सवाल ये है कि ये कुर्सी एनडीए में किसे मिलेगी? इसको लेकर चर्चा जोर-शोर से चल रही है. जेडीयू के अंदरखाने निशांत कुमार को आगे कर सीएम बनाने की रणनीति पर काम शुरू हो चुका है. सूत्रों की मानें तो इसके लिए ‘टीम निशांत’ की ‘स्पेशल-14’ तैयार है. 8 मार्च 2026 को निशांत कुमार ने जेडीयू की सदस्यता ली. अगले दिन से ही वह पार्टी में एक्टिव भी हो गए. उन्होंने पार्टी के सांसदों, विधायकों और जमीनी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चर्चा करनी शुरू कर दी है. वह बिहार की यात्रा पर भी जाने की घोषणा कर चुके हैं ऐसे में उनका एक्टिव होना ये बताता है कि प्लानिंग तैयार है बस एग्जीक्यूशन बाकी है. जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अभी निशांत कुमार को कोई जिम्मेदारी नहीं मिली है. फिर भी निशांत को सीएम बनाने की मांग तेज-रफ्तार से चल रही है. जदयू के युवा विधायकों ने निशांत को मुख्यमंत्री बनाने के लिए रणनीति बनानी भी शुरू कर दी है. एक दर्जन युवा विधायकों ने एक टीम तैयार की है, जिसे ‘निशांत टीम’ भी कहा जाने लगा है. संजय झा के आवास पर हुई बैठक में युवा विधायक निशांत के साथ देखे गए थे, उसके बाद युवा विधायकों ने इस्लामपुर के विधायक रुहेल रंजन के आवास पर भी बैठक की. जदयू कार्यालय में निशांत के साथ युवा टीम की बैठक हो चुकी है. युवा टीम में से एक निशांत के नजदीकी रुहेल रंजन का कहना है निशांत की युवा टीम का गोल है कि निशांत बिहार के मुख्यमंत्री बनें.

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बड़ी संख्या में युवा विधायक चुनाव जीत कर आये हैं. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद निशांत की राजनीतिक पारी शुरू हो गई है. निशांत एक्टिव भी दिखने लगे हैं, क्योंकि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री की कुर्सी भी छोड़ेंगे. इसलिए जदयू की तरफ से यह मांग हो रही है कि निशांत को ही मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए.निशांत की युवा टीम में जिन विधायकों का नाम लिया जा रहा है उसमें वारिश नगर के विधायक मृणाल, घोषी के विधायक ऋतुराज, कहलगांव के विधायक शुभानंद मुकेश, नबीनगर के विधायक चेतन आनंद, गायघाट के विधायक कोमल सिंह, सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा, करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह ऐसे तमाम विधायक की होने की बात कही जा रही है जो निशांत की हाथ को मजबूत करेंगे और मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने में अपनी भूमिका निभाएंगे.निशांत के साथ जो युवा टीम सबसे ज्यादा सक्रिय है उसमें रूहेल रंजन हैं. रुहेल रंजन नालंदा जिले के इस्लामपुर के विधायक हैं. नीतीश कुमार के खास माने जाने वाले स्वर्गीय राजीव रंजन के बेटे हैं. रुहेल रंजन निशांत कुमार के करीबी माने जाते हैं. दोनों ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई एक साथ की है. रूहेल रंजन ने बातचीत करते हुए कहा कि जदयू के सभी विधायक निशांत के साथ हैं लेकिन वह कंफर्ट युवा विधायकों के साथ हैं.निशांत के साथ बैठक के बाद कई विधायकों का सोशल मीडिया पर तस्वीर भी वायरल हुआ था, जिसमें कोमल सिंह भी शामिल थीं. युवा विधायकों में अधिकांश पहली बार चुनाव जीत कर आए हैं, इसलिए अलग उत्साह और जोश है. इसमें से कई युवा विधायक लगातार निशांत की तारीफ भी कर रहे हैं.बिहार में ऐसे तो निशांत को डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा हो रही है. जदयू कोटे से कई मंत्री भी बनाए जाएंगे, जिसमें निशांत के साथ कई युवा मंत्री होंगे. नीतीश कुमार के साथ काम करने वाले कुछ पुराने मंत्री खुद हटेंगे और कुछ को बाहर भी किया जाएगा यह भी चर्चा है.
