सी.एम.एस. का पाँच सदस्यीय संगीत शिक्षक दल आस्ट्रिया रवाना

 सी.एम.एस. का पाँच सदस्यीय संगीत शिक्षक दल आस्ट्रिया रवाना
Sharing Is Caring:

लखनऊ, 6 जून। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के संगीत शिक्षकों का पाँच सदस्यीय दल इण्टरनेशनल म्यूजिक कन्सर्ट में प्रतिभाग हेतु आस्ट्रिया रवाना हो गया। यह म्यूजिक कन्सर्ट 6 से 19 जून तक आस्ट्रिया की राजधानी वियना में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न देशों के संगीतज्ञ प्रतिभाग कर रहे हैं। इस 15 दिवसीय शैक्षिक यात्रा के दौरान सी.एम.एस. के संगीत शिक्षक अपनी सुमधुर संगीत प्रस्तुतियों का समाँ बाधेंगे एवं फिलहार्मोनिक वियना आर्केस्ट्रा के साथ  मिलकर अन्तर्राष्ट्रीय संगीत महोत्सव में जर्मन संगीतकार कार्ल ओर्फ द्वारा रचित गीतों की प्रस्तुति देंगे। म्यूजिक कन्सर्ट में प्रतिभाग हेतु आस्ट्रिया रवाना होने वालों में सी.एम.एस. की पाश्चात्य संगीत शिक्षिका सुश्री जिनस येगन, सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के संगीत शिक्षक श्री ओस्विन मोजेस, सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) के संगीत शिक्षक श्री उत्कर्ष श्रीवास्तव एवं सी.एम.एस. राजाजीपुरम कैम्पस के संगीत शिक्षक सुश्री सृष्टि पाण्डेय एवं श्री अभय सैमुअल पीटर शामिल हैं। सी.एम.एस. संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. के संगीत शिक्षकों के उज्जवल भविष्य की कामना की है।सी.एम.एस. का उद्देश्य है कि छात्रों को जीवन मूल्यों व उच्च विचारों से भरपूर संगीत एवं ललित कलाओं की शिक्षा प्रारम्भ से ही प्रदान की जानी चाहिए। सुमधुर संगीत मन को सुन्दर, शान्त एवं सरस बनाने के साथ ही आत्मबल की वृद्धि में सहायक होता है एवं भावी पीढ़ी के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Comments
Sharing Is Caring:

Related post